डोमिनिका की जेल में बंद भगोड़े मेहुल चोकसी की पहली तस्वीर, हाथ पर दिखे चोट के निशान

बिजनेस
किशोर जोशी
Updated May 30, 2021 | 07:25 IST

Mehul Choksi Latest Photo| डोमिनिका की जेल में बंद भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी की पहली तस्वीर सामने आई है। इस तस्वीर में मेहुल काफी कमजोर सा नजर आ रहा है।

First photo of fugitive diamantaire Mehul Choksi in police custody in Dominica
डोमिनिका की जेल में बंद भगोड़े मेहुल चोकसी की पहली तस्वीर 
मुख्य बातें
  • डोमिनिका की जेल में बंद मेहुल चोकसी की पहली तस्वीर आई सामने
  • मेहुल चोकसी के हाथ पर दिख रहे हैं कुछ कथित चोट के निशान
  • एंटीगुआ और बारबुडा से वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया था मेहुल

नई दिल्ली: पीएनबी घोटाले का आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी जिसे डोमिनिका में पकड़ा गया था, उसकी जेल से पहली तस्वीर सामने आई है। मेहुल चोकसी इस समय डोमिनिका पुलिस की कस्टडी में है और सलाखों के पीछे बंद है। चोकसी की जो तस्वीर सामने आई है उसमें वह बेहद कमजोर दिख रहा है और कैदियों की ड्रेस में उसके हाथ पर स्याही लगी हुई है तथा आंखे काफी लाल दिख रही हैं।

हाथ पर चोट के निशान
फोटो में जेल की सलाखों की पीछे से अपने हाथ बाहर निकालकर चोकसी हाथ दिखा रहा है। चोकसी के हाथ पर कुछ चोट निशान देखे गए हैं और उसकी आंखें भी सूजी हुई थी। इससे पहले डोमिनिका में चोकसी के वकील वायने मार्श ने कहा था कि मेहुल की जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि चोकसी एंटीगुआ एंड बारबुडा का नागरिक है, भारत का नहीं, अत: उसे वापस भेजा जाना चाहिए।

Image

क़तर एक्जीक्यूटिव का बॉम्बार्डियर ग्लोबल 5000 विमान डोमिनिका के डगलस चार्ल्स हवाई अड्डे पर उतरने को लेकर भी कई कयास लगाए जा रहे हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विमान यहां क्यों और कैसे पहुंचा।  एंटीगुआ की मीडिया में कयास लगाए जा रहे हैं ये विमान डोमिनिका किसको लेने पहुंचा है या फिर कौन डोमिनिका आया है?

इस बीच एंटीगुआ के प्रधान मंत्री गैस्टन ब्राउन ने आज कहा कि डोमिनिका के डगलस-चार्ल्स हवाई अड्डे पर वर्तमान में एक निजी जेट भारत का है। ब्राउन ने आज जेट की एक तस्वीर पोस्ट किए जाने के बाद अपने रेडियो कार्यक्रम पर स्पष्टीकरण दिया।

वकीलों का आरोप
मार्श ने बताया कि काफी प्रयासों के बाद जब चोकसी से संक्षिप्त मुलाकात हुई तो उसने बताया कि उसे एंटीगुआ में जॉली बंदरगाह में एक जहाज में ‘जबर्दस्ती’ बैठाया गया और डोमिनिका लाया गया। उसने कहा कि भारतीय और डोमिनिका के पुलिसकर्मियों की तरह दिखने वाले लोगों ने यह किया। वहीं भारत में चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने कथित तौर पर मेहुल के साथ डोमिनिका में टॉर्चर करने का आरोप लगाया था।

रहस्यमयी परिस्थितियों में हुआ था लापता

 मेहुल चोकसी पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये की कर्ज धोखाधड़ी मामले में चोकसी वांछित है और बीते रविवार को एंटीगुआ और बारबुडा से वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गया था। बाद में उसे अवैध तौर पर प्रवेश करने के लिए डोमिनिका में हिरासत  में लिया गया। मेहुल  वर्ष 2017 में नागरिकता लेने के बाद 2018 से एंटीगुआ एंड बारबुडा में रह रहा था। चोकसी के लापता होने की खबरों ने कैरिबियाई द्वीपीय देश में उथल-पुथल मचा दी थी। विपक्ष ने एंटीगुआ एंड बारबुडा की संसद में इस मुद्दे को उठाया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर