बेहद महंगा होने के बावजूद भारत में इन देशों से सस्ता मिलता है पेट्रोल, लेकिन US, पाकिस्तान से ज्यादा है दाम

बिजनेस
डिंपल अलावाधी
Updated May 18, 2022 | 10:22 IST

भारत में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच चर्चा हो रही है कि राज्य और केंद्र सरकारों को टैक्स में कटौती करनी चाहिए। भारत अपनी तेल जरूरतों का 85 फीसदी तेल आयात करता है।

know about costlier petrol in world and cheapest petrol in world
देश में इन देशों से सस्ता है पेट्रोल, पर पाकिस्तान से महंगा  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • बैंक ऑफ बड़ौदा की इकोनॉमिक रिसर्च रिपोर्ट में कई देशों में नौ मई को पेट्रोल की कीमतों की तुलना की गई है।
  • इसके लिए देश की प्रति व्यक्ति आय की तुलना में पेट्रोल की कीमत को आधार माना गया।
  • भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है।

नई दिल्ली। लोग महंगाई की चौतरफा मार झेल रहे हैं। भारत में पेट्रोल की कीमत (Petrol Price) कई दिनों से नहीं बदली है, लेकिन तब भी यह काफी ज्यादा है। बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक रिसर्च रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत में पेट्रोल हांगकांग, जर्मनी और ब्रिटेन से तो सस्ता है, लेकिन चीन, ब्राजील, जापान, अमेरिका, रूस, पाकिस्तान और श्रीलंका के मुकाबले काफी महंगा है।

क्यों बढ़े पेट्रोल- डीजल के दाम?
मालूम हो कि देश में ईंधन के दाम में लगातार हो रही वृद्धि का मुख्य कारण कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत में हुई बढ़ोतरी है। इसके साथ ही डॉलर में आई मजबूती से कच्चे तेल का आयात महंगा हुआ है, जिससे देश में पेट्रोल- डीजल के दाम बढ़े।

64 देशों में मिल रहा है भारत से भी महंगा पेट्रोल
दुनिया के 106 देशों के आंकड़ों से पता चला कि भारत में पेट्रोल की कीमत 1.35 डॉलर प्रति लीटर यानी यानी 105.41 रुपये प्रति लीटर है। इस लिस्ट में भारत 42वें स्थान पर है। यानी 64 देशों में पेट्रोल भारत से महंगा है।

किन देशों से सस्ता या महंगा है पेट्रोल?
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में पेट्रोल की कीमत ऑस्ट्रेलिया, तुर्की और दक्षिण कोरिया के बराबर है। वहीं हांगकांग, फिनलैंड, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, यूनान, फ्रांस, पुर्तगाल और नॉर्वे से कम है। इन देशों में पेट्रोल 2 डॉलर प्रति लीटर से भी ऊपर है। वहीं भारत में पेट्रोल का दाम वियतनाम, केन्या, यूक्रेन, बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और वेनेजुएला से महंगा है।

वर्तमान में दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 1.35 डॉलर प्रति लीटर है। बांग्लादेश में यह 1.05 डॉलर प्रति लीटर, पाकिस्तान में 77 सेंट प्रति लीटर और श्रीलंका में 67 सेंट प्रति लीटर है। फिलिपीन में पेट्रोल की कीमत भारत के लगभग बराबर है, लेकिन वहां प्रति व्यक्ति आय भारत के मुकाबले 50 फीसदी ज्यादा है। इसी तरह केन्या, बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान में प्रति व्यक्ति आय कम है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर