Chandigarh Bird Park: बर्ड पार्क की टाइमिंग में बदलाव, अब पर्यटक इतने बजे तक कर सकेंगे पंछियों का दीदार

Chandigarh Bird Park: बढ़ती गर्मी के कारण बर्ड पार्क के बंद होने के समय में एक बार फिर से बड़ा बदलाव किया गया है। अब पर्यटक इस पार्क में खूबसूरत पंछियों का दीदार 10 बजे से शाम 6 बजे तक कर सकेंगे।

Chandigarh Bird Park
चंडीगढ़ बर्ड पार्क का एक दृश्‍य  
मुख्य बातें
  • चंडीगढ़ बर्ड पार्क का बंद होने का समय फिर बदला
  • यह बर्ड पार्क अब शाम 6 बजे तक खुला रहेगा
  • गर्मी के कारण बंद होने के समय में किया गया बदलाव

Chandigarh Bird Park: भीषण गर्मी को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने बर्ड पार्क के बंद होने के समय में एक बार फिर से बड़ा बदलाव किया है। अब पर्यटक इस पार्क में सैकड़ों खूबसूरत देशी विदेशी पंछियों का दीदार शाम छह बजे तक कर सकेंगे। समय में हुए इस बदलाव के बारे में जानकारी देते हुए चंडीगढ़ वन विभाग ने बताया कि, बर्ड पार्क अब सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।

वन विभाग ने समय में यह बदलाव बढ़ती गर्मी के कारण किया है। बता दें कि, इससे पहले एक अप्रैल से भी बर्ड पार्क के बंद होने के टाइम में बदलाव किया गया था। उसके पहले इसे पयर्टकों के लिए शाम 4 बजे तक खोला जाता था, जिसे उस समय डेढ़ घंटे बढ़ा कर शाम 5:30 कर दिया गया था। अब एक बार फिर से आधे घंटे बढ़ाकर शाम 6 बजे तक कर दिया गया है।

नवंबर 2021 में खुला था यह बर्ड पार्क

बता दें कि, इस बर्ड पार्क को पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता करने के लिए बनाया गया है। सुखना लेक के पीछे बने इस बर्ड पार्क को नवंबर 2021 में आम लोगों के लिए खोला गया था। तभी से इस बर्ड पार्क में देशी व विदेशी पंक्षियों का दीदार करने बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। इन पर्यटकों में सबसे अधिक संख्या बच्चों की होती है। इन बच्‍चों को गर्मी से बचाने के लिए यूटी प्रशासन ने अब बर्ड पार्क की एंट्री आधा घंटा बढ़ा दी है, जिससे बच्चे शाम के समय बर्ड पार्क को देखने आ सकें। इस बर्ड पार्क में कई ऐसे पक्षी हैं, जो इस पार्क को खास बनाते हैं। इनमें अफ्रीकन लव बर्ड्स, बडगेरिगर्स, व्हाइट स्वान, ब्लैक स्वान, वूड डक, गोल्डन, येलो पीजेंट, ग्रीन विंग मकाओ, सन कोनर्स, अफ्रीकन ग्रे पैरेट, फिंचिज और मैलानिस्टिक पीजेंट जैसी प्रजातियों के पक्षी रहते हैं।

यह है टिकट रेट

इस बर्ड पार्क को सप्ताह में पांच दिन पर्यटकों के लिए खोला जाता है। यह सोमवार और मंगलवार को बंद रहता है। इस बर्ड पार्क में पांच साल तक के बच्चों की एंट्री निशुल्क रखी गई है। वहीं पांच से 12 साल तक के बच्‍चें के लिए 30 रुपये और इससे ऊपर 50 रुपये टिकट लगती है।

अगली खबर