Chandigarh MC: निगम दे रहा 1 लाख रुपये जीतने का मौका, देना होगा बस एक आइडिया, पसंद आया तो धनराशि आपकी

Chandigarh MC: शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए चंडीगढ़ नगर निगम ने स्वच्छ टेक्नोलॉजी चैलेंज लॉन्‍च किया है। जिसके तहत इनोवेटिव आइडिया देने वाले लोगों को नगद पुरस्‍कार देकर सम्‍मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के तहत पहली एंट्री को एक लाख, दूसरी को 51 हजार और तीसरी को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

Chandigarh MC
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर बेस्‍ट आइडिया देने पर एक लाख रुपये जीतने का मौका   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए नगर निगम ने मांगा आइडिया
  • इंडिविजुअल, एनजीओ, स्टार्टअप कोई भी ले सकता है हिस्‍सा
  • 30 नवंबर तक भेजे आइडिया, दिसंबर में होगी पुरस्‍कार घोषाणा

Chandigarh MC: चंडीगढ़ नगर निगम नागरिकों के लिए खास प्रतियोगिता लेकर आया है। जिसके तहत चंडीगढ़ का कोई भी व्‍यक्ति एक लाख रुपये का पुरस्कार जीत सकता है। इस धनराशि को जीतने के लिए आपको बस एक इनोवेटिव आइडिया निगम को देना होगा। अगर आपका आइडिया निगम को पसंद आया तो एक लाख रुपये आपका। इस प्रतियोगिता में किसी भी उम्र के लोग भाग ले सकते हैं।  

बता दें कि आज के समय में कचरा निस्‍तारण हर शहर के लिए एक बड़ी समस्या है। इस समस्या से निपटने के लिए नए-नए आइडिया और टेक्‍नोलॉजी ढूंढी जा रही है। चंडीगढ़ के किनारों पर खड़े कूड़े के पहाड़ भी शहर के लिए नासूर बन गए हैं। इस समस्‍या से निजात पाने के लिए नगर निगम ने यह अनोखी प्रतियोगिता शुरू की है। जिसके तहत शहर के लोगों से उनके सुझाव व आइडिया मांगे हैं।

यह है चैलेंज की थीम

नगर निगम की तरफ से इसे 'स्वच्छ टेक्नोलॉजी चैलेंज' नाम दिया गया है। इस प्रतियोगिता को लॉन्‍च करते हुए नगर निगम कमिश्नर आनिंदिता मित्रा ने बताया कि कचरे के इनोवेशन साल्यूशन के लिए इंडिविजुअल, एनजीओ, स्टार्टअप, गवर्नमेंट और प्राइवेट आर्गेनाइजेशन से सुझाव मांगे गए हैं। इस चैलेंज का उद्देश्य सैनिटेशन और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए सस्टेनेबिलिटी और इनोवेटिव टेक्नोलॉजी की खोज करना है। इस चैलेंज का थीम सोलिड वेस्ट प्रोसेसिंग एंड रिसाइकिलिंग, क्लीनर्स एंड सेनीटेशन वेस्ट मैनेजमेंट इनोवेशन और प्लास्टिक रिसाइकिलिंग और इसके विकल्प रखा गया है।

क्यूआर कोड के माध्यम से एंट्री 30 नवंबर तक

निगम अधिकारियों के अनुसार इस प्रतियोगिता में नागरिक व संस्‍थान क्यूआर कोड के माध्यम से एंट्री 30 नवंबर तक दे सकते हैं। प्रतियोगिता में विजेताओं की घोषणा इस साल दिसंबर में होने वाले सम्मान समारोह में की जाएगी। प्रतियोगिता में पहले तीन स्‍थान पर रहने वाले साल्यूशन को सम्मानित किया जाएगा। पहली एंट्री को एक लाख, दूसरी को 51 हजार और तीसरी को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। कमिश्नर ने बताया कि वेस्ट मैनेजमेंट के लिए इस समय निगम सामाजिक समावेश, जीरो डंप, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एंड ट्रांसपेरेंसी जैसे क्षेत्र में काम कर रही है।

अगली खबर