Chandigarh: मातृ दिवस पर चंडीगढ़ प्रशासन की अनूठी पहल, सभी सरकारी दफ्तरों में खुलेगा क्रेच

Chandigarh Administration: मातृ दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन ने कामकाजी महिलाओं के लिए अनूठी पहल की है। अब शहर के सभी सरकारी दफ्तरों में समाज कल्याण विभाग द्वारा क्रेच बनाया जाएगा।

 mothers day
चंडीगढ़ के सरकारी दफ्तरों में खुलेंगे क्रेच (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • मातृ दिवस पर कामकाजी महिलाओं को प्रशासन का तोहफा
  • चंडीगढ़ के सरकारी दफ्तरों में बच्‍चों के लिए बनेंगे क्रेच
  • जिला अदालत और आयकर विभाग में क्रेच हुआ शुरू

Chandigarh Administration: मातृ दिवस पर चंडीगढ़ प्रशासन की अनूठी पहल शुरू की है। अब यहां के सरकारी दफ्तरों में काम करने वाली महिलाओं को अपने बच्चे के पालन पोषण को लेकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। इन महिलाओं को समाज कल्याण विभाग एक खास सुविधा देने जा रहा है। विभाग की तरफ से अब शहर के सभी सरकारी दफ्तरों में क्रेच खोला जाएगा। समाज कल्याण विभाग ने इसकी शुरुआत जिला अदालत और आयकर विभाग में क्रेच खोल कर की है। जल्द ही जीएसटी विभाग और नगर निगम ऑफिस में भी क्रेच खोला जाएगा।

समाज कल्याण विभाग की तरफ से सभी दफ्तरों में यह सुविधा शुरू होने के बाद जहां महिलाओं की कार्य क्षमता में बढ़ोतरी होगी, वहीं उसी भवन में उनके बच्चों के रहने से पालन पोषण की चिंता भी नहीं रहेगी। महिलाओं की सबसे बड़ी चिंता खत्‍म हो जाएगी।

एक साल के अंदर खुलेंगे सभी क्रेच

प्रशासन की इस योजना की जानकारी देते हुए समाज कल्याण अधिकारी शालिनी चेतल ने कहा कि, महिला के जीवन में उसका परिवार व बच्‍चे बहुत महत्व रखते हैं। महिलाएं अपने बच्चों के प्रति ज्यादा सजग रहती हैं। कामकाजी महिलाओं को इस स्थिति में दोहरी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है, जो बहुत बड़ी चुनौती होती है। कई महिलाएं इस अवस्‍था में फंसने के बाद जॉब तक छोड़ देती हैं। ऐसे में जिस भवन में वह काम कर रही है और वहीं उसके बच्चे की बेहतर देखभाल हो जाए तो इससे अच्छा क्या हो सकता है।

शालिनी चेतल ने कहा कि, कुछ विभागों ने अपने यहां काम करने वाली महिलाओं को ध्‍यान में रखकर क्रेच बनाने की मांग की थी। विभाग की तरफ से दो जगहों पर क्रेच बना दिए गए हैं। वहीं कुछ जगहों पर क्रेच बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इस साल के अंत तक सभी विभागों में क्रेच बना दिया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि, हमारा उद्देश्य है कि, एक मां को उसके बच्चे की देखभाल की चिंता से मुक्त करके कार्यालय में तनाव मुक्त माहौल उपलब्ध कराना है।

अगली खबर