Chandigarh: अर्धनग्‍न होकर नशेड़ी मचा रहे थे हुड़दंग, युवक ने रोक तो धारदार हथियार से कर दिया हमला

चंडीगढ़ के नगला मोहल्‍ला में अर्धनग्‍न होकर हुड़दंग मचा रहे नशे‍ड़ियों ने एक व्‍यक्ति पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस मामले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

chandigarh police
चंडीगढ़ में नशड़ियों ने किया युवक पर हमला   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • अर्धनग्‍न होकर गली में हुड़दंग मचा रहे नशेड़ियों को रोकने गए युवक पर हमला
  • नशेड़ियों ने धारदार हथियार से वार कर किया युवक को घायल
  • पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच

Chandigarh News: चंडीगढ़ के नगला मोहल्ले में देर रात कुछ नशेड़ियों ने अर्धनग्‍न होकर जमकर उत्‍पात मचाया। इन नशेड़ियों को जब एक युवक ने ऐसा करने से मना किया तो आरोपियों ने अपने दोस्‍तों के साथ मिलकर युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। युवक की पीठ पर गहरा घाव होने से 18 टांके लगे हैं, वहीं आंख पर चोट लगने से भी तीन टांके लगाने पड़े हैं।

पीड़ित ने बताया कि, मैंने सिर्फ इन नशेड़ियों को हुड़दंग करने से मना किया था, लेकिन इन्‍होंने मुझ पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर नवदीप सिंह, तरुणवीर बंटी, जसविंदर सिंह, मनमोहन सिंह, साहिल आदि के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी पकड़ से बाहर हैं। वहीं घायल पीड़ित को इलाज के लिए जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया गया है।

गली में अर्धनग्‍न होकर नशेड़ी मचा रहे थे हुड़दंग

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि, वह रात को 11 बजे खाना खाने के बाद अपने परिवार के साथ टहलने के लिए निकला था। गली में आसपास के कई लोग भी टहल रहे थे। तभी वहां पर अर्द्धनग्न अवस्था में आरोपी नवदीप सिंह आया और हुड़दंग मचाने लगा। उन्होंने जब उसे ऐसा करने से मना किया तो उसने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और उनके ऊपर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए। हथियार के वार से उनकी पीठ में गहरा घाव हो गया। वहीं पंच मारने के बाद उनकी आंख पर भी चोट आई है और तीन टांके लगाने पड़े। पीड़ित ने बताया कि, इन आरोपियों को रोकने के लिए जब उनके पिता पहुंचे तो इन युवकों ने उनकी आंख पर भी पंच मारा। इस कारण उनकी भी आंख पर टांके लगाने पड़े हैं। पी‍ड़ित ने बताया कि, जब मोहल्ले के कई लोग इकट्ठा हो गए तो आरोपी अपनी बाइक वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। जिसके बाद पीड़ित को घायलावस्था में जीएमसीएच-32 लाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि, मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्‍द ही सभी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

अगली खबर