Chandigarh: प्रकृति प्रेमी लोगों के लिए खुशखबरी, अब शहर में ही मिलेगा वन्यजीवों को जानने का मौका

Chandigarh Nature Center: शहर के लोगों को प्रकृति और वन्‍यजीवों की जानकारी देने के लिए नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर शुरू किया गया है। यहां पर लोगों को वन्‍यजीव, पेड़.-पौधे, फूल, पक्षी व तितलियों के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। इसका उद्घाटना यूटी प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने की।

 Nature Interpretation Center
नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर को देखते प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित व अन्‍य   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • चंडीगढ़ में शुरू हुआ नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर
  • यहां मिलेगी वन्‍यजीवों व प्रकृति से जुड़ी पूरी जानकारी
  • यहां आने के लिए वन विभाग से लेना पड़ेगा परमिट

Chandigarh Nature Center: चंडीगढ़ के लोगों को वन्‍यजीवों के बारे में जानकारी हासिल करने अब कहीं दूर नहीं जाना पड़ेगा। अब यह सुविधा उनके शहर में ही मिल जाएगी। शहर के सुखना वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के कांसल फॉरेस्ट एरिया में नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर शुरू हो गया है। इसका उद्घाटन चंडीगढ़ प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने किया। इस दौरान सांसद किरण खेर और सलाहकार धर्मपाल भी मौजूद रहे। इस मौके पर प्रशासक ने कहा कि, यह सेंटर शहर के प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरणविदों का ध्यान आकर्षित करेगा। यहां उन्‍हें वन्य जीवों को अच्‍छे से जानने का भी मौका मिलेगा।

बता दें कि, प्रशासन की तरफ से शहर के लोगों को प्रकृति व वन्‍यजीवों से जुड़ी जानकारी प्रदान करने और उनकी सामान्य जिज्ञासा को दूर करने के लिए सुखना वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में इस नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है। यहां आने के लिए लोगों को सबसे पहले वन विभाग के सेक्टर-19 स्थित पर्यावरण भवन से परमिट लेनी पड़ेगी।

यह है इस सेंटर की खासियत

इस नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर में लोगों को प्रमुख रूप से जो चीजें दिखाई देंगी, उनमें जानवरों के थ्रीडी मॉडल, चंडीगढ़ के पक्षियों, तितलियों और विभिन्न जीवों की प्रजातियों पर पोस्टर, सुखना कैचमेंट व मिट्टी एवं नमी संरक्षण कार्यों के प्रभाव का चित्रण, फूलों की अलग-अलग किस्मों के बारे में जानकारी, वन्य जीवन और वन क्षेत्रों की जानकारी व बच्चों के लिए इंटरेक्टिव एक्टिविटी आदि शामिल हैं। मुख्य वन संरक्षक देबेंद्र दलाई ने कहा कि, ये सेंटर जंगलों की गतिशील जैव विविधता और इसके समृद्ध वन्य जीवन का समर्थन करने वाली वनस्पतियों की विविधता को प्रदर्शित करता है। यह लोगों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति स्नेह और चिंता को जगाने का एक वास्तविक प्रयास है।

सुखना वाइल्ड लाइफ सेंचुरी का किया दौरा

इस मौके पर प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने सुखना वाइल्ड लाइफ सेंचुरी का भी दौरा किया। यहां पर वन विभाग द्वारा सुखना झील, कैचमेंट एरिया में मिट्टी और पानी के संरक्षण आदि पर किए गए कार्यों को जाना। प्रशासक ने कहा कि, विभाग की इन गतिविधियों से सुखना में बहने वाली गाद की जांच में मदद मिलेगी। वहीं सांसद किरण खेर ने कहा कि, विभाग के इस सेंटर से उन लोगों को काफी फायदा होगा जो नेचर से लगाव रखते हैं।

अगली खबर