इंग्लैंड के आदिल राशिद भारत के खिलाफ सीरीज से रहेंगे बाहर, हज यात्रा पर जाएंगे

क्रिकेट
भाषा
Updated Jun 24, 2022 | 15:45 IST

Adil Rashid not to play against India, to travel for Haj pilgrimage: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के स्पिनर आदिल राशिद भारत के खिलाफ होने वाली सीमित ओवर क्रिकेट सीरीज में नहीं खेलेंगे क्योंकि वो हज यात्रा पर जा रहे हैं।

Adil Rashid
आदिल राशिद  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • भारत का इंग्लैंड दौरा 2022
  • हज यात्रा पर जाएंगे आदिल राशिद
  • भारत के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज से रहेंगे बाहर

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने आदिल राशिद को मक्का की हज यात्रा करने की अनुमति दे दी है जिससे यह लेग स्पिनर अगले महीने भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला में नहीं खेल पाएगा। राशिद शनिवार को सऊदी अरब के लिये रवाना होंगे जिसका मतलब है कि वह यॉर्कशर की तरफ से टी20 ब्लास्ट के अंतिम चरण के मैचों में भी नहीं खेल पाएंगे।

राशिद ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा, ‘‘मैं पिछले कुछ समय से हज यात्रा पर जाना चाहता था लेकिन उचित समय नहीं मिल रहा था। इस साल मुझे लगा कि यह कुछ ऐसा है जो मुझे करना था, कुछ ऐसा जो मैं करना भी चाहता था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस बारे में ईसीबी और यॉर्कशर से बात की और वे मेरी बात को समझ गये। उन्होंने कहा कि आपको ऐसा (हज यात्रा) करना चाहिए। मैं कुछ सप्ताह तक वहां रहूंगा।’’

राशिद इंग्लैंड के हाल ही में समाप्त हुए नीदरलैंड दौरे का हिस्सा थे, जहां उनकी टीम ने तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला 3-0 से जीती। राशिद ने कहा, ‘‘यह मेरे लिये बहुत बड़ा पल है। प्रत्येक धर्म की अपनी अलग चीज होती है, लेकिन इस्लाम और एक मुसलमान होने के नाते हमारे लिये हज यात्रा सबसे महत्वपूर्ण है।’’

भारत और इंग्लैंड के बीच सीमित ओवरों की श्रृंखला सात से 17 जुलाई तक खेली जाएगी जिसमें तीन टी20 और इतने ही वनडे शामिल है। राशिद के सभी छह मैचों में नहीं खेल पाने की संभावना है। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला से पहले वापसी कर सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर