अक्षर पटेल ने पहली गेंद पर किया कमाल, ऐसा करने वाले इतिहास के चौथे स्पिनर बने

Axar Patel record: भारतीय स्पिनर अक्षर पटेल ने अहमदाबाद टेस्ट में एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया।

Axar Patel
अक्षर पटेल ने पहली गेंद पर लिया विकेट (BCCI)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • अक्षर पटेल ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया
  • अहमदाबाद टेस्ट की दूसरी पारी की पहली गेंद पर किया धमाल
  • पहली पारी में 6 विकेट लेकर बनाया था रिकॉर्ड

Axar Patel: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में वो हो रहा है, जो शायद दुनिया के सभी स्पिनरों की आंखों को भा रहा होगा। इस बीच जो स्पिनर हीरो बनकर उभरा है, वो हैं 28 वर्षीय अक्षर पटेल। इस भारतीय स्पिनर ने पहली पारी में 6 विकेट लेकर इंग्लैंड को 112 रन पर समेटने में सबसे अहम भूमिका निभाई और अब दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर एक खास रिकॉर्ड बना डाला।

दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 5 विकेट, फिर तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट..और अब दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल ने कु ऐसा कर दिया कि एक और नया कीर्तिमान उनके नाम दर्ज हो गया। अक्षर ने दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के ओपनर जैक क्रॉली (0) को बोल्ड करते हुए भारतीय टीम को बड़ी सफलता दिला दी।

बनाया खास रिकॉर्ड

इसके साथ ही अब अक्षर पटेल टेस्ट पारी की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले दुनिया के चौथे स्पिनर बन गए हैं। दिलचस्प बात ये है कि इसी सीरीज में रविचंद्रन अश्विन भी यही कमाल कर चुके हैं। यानी जिन चार स्पिनर्स ने क्रिकेट इतिहास में ये कमाल किया है, उसमे से दो भारतीय खिलाड़ी हैं।

इन चारों के नाम है रिकॉर्ड

1. बॉबी पील (इंग्लैंड) ने एलेक बैनरमैन (ऑस्ट्रेलिया) को पहली गेंद पर आउट किया - 1888

2. एलबर्ट वोगलर (दक्षिण अफ्रीका) ने टॉम हेवर्ड (इंग्लैंड) को पहली गेंद पर आउट किया - 1907

3. रविचंद्रन अश्विन (भारत) ने रोरी बर्न्स (इंग्लैंड) को पहली गेंद पर आउट किया - 2021

4. अक्षर पटेल (भारत) ने जैक क्रॉली (इंग्लैंड) को पहली गेंद पर आउट किया - 2021

यहां एक और दिलचस्प चीज ये है कि चारों मौकों पर कोई ना कोई इंग्लिश खिलाड़ी इसमें शामिल था। पहली बार में इंग्लिश खिलाड़ी ने ये कमाल किया था। जबकि बाकी तीन मौकों पर इंग्लिश खिलाड़ी शिकार बना था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर