आखिर कब तक: ये आंकड़े देखकर आप भी सिर पकड़ लेंगे, इस भारतीय बल्लेबाज ने हद कर दी है

Cheteshwar Pujara Last 10 Innings: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में चेतेश्वर पुजारा का बल्ला खामोश रहा। वह सस्ते में पवेलियन लौट गए।

Cheteshwar Pujara
चेतेश्वर पुजारा (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टेस्ट
  • पुजारा का बल्ला फिर खामोश
  • पहली पारी में सस्ते में आउट

भारत और इंग्लैंड की दूसरे टेस्ट में टक्कर हो रही है। दोनों टीमें लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर आमने-सामने हैं। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले ल्लेबाजी का न्यौता दिया, जिसे मेहमान टीम ने शानदार अंदाजा में भुनाया। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 127 रन जोड़कर भारत को दमदार शुरुआत दी। वहीं, रोहित (83) के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे चेतेश्वर पुजारा से टीम को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह एक बार फिर नाकाम रहे। टेस्ट स्पेशलिस्ट और टीम इंडिया के भरोसेमंद बल्लेबाज कहे जाने वाले पुजारा कई महीनों से निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे हैं।

ये आंकड़े देखकर आप भी सिर पकड़ लेंगे

पुजारा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में 8 और 15 बनाए थे, जिसके बाद से वह लगातार आलोचना के निशाने पर हैं। इंग्लैंड के विरुद्ध पहले टेस्ट में भी पुजारा का बल्ला खामोश रहा। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में नाबाद 12 रन बनाए। बता दें कि पांचवें दिन दूसरी पारी का खेल नहीं हो सका था और मैच ड्रॉ हो गया था। इसके बाद पुजारा लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में भी लय में नजर आए और 23 गेंदों महज 9 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्हें जेम्स एंडरसन ने अपना शिकार बनाया। पुजारा का पिछले 10 पारियों में रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है, जिसे देख आप भी सिर पकड़ लेंगे। वह इस दौरान 25 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं।

चेतेश्व पुजारा की आखिरी 10 टेस्ट पारियां

    किस देश के खिलाफ  कितने रन की पारी खेली
 1            इंग्लैंड         15 रन
 2            इंग्लैंड          21 रन
 3            इंग्लैंड          7 रन
 4            इंग्लैंड            0
 5            इंग्लैंड          17 रन
 6           न्यूजीलैंड          8 रन
 7           न्यूजीलैंड         15 रन
 8           इंग्लैंड          4 रन
 9           इंग्लैंड         12* रन
 10          इंग्लैंड          9 रन

पुजारा ने फरवरी में जमाया था अर्धशतक

चेतेश्वर पुजारा ने आखिरी बार बड़ी पारी इसी साल फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी। तब इंग्लैंड की टीम भारत के दौरे पर थी। पुजारा ने 143 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 73 रन बनाए थे। यह उनके टेस्ट करियर का 29वां अर्धशतक था। गौरतलब है कि पुजारा ने साल 2010 में अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब  तक 88 टेस्ट मैचों में 45.59 की औसत से 6292 रन बना चुके हैं। उन्होंने 18 शतक जड़े हैं। पुजारा ने कई मौकों पर टीम को मुश्किल से उबारा है, लेकिन पिछले कुछ समय से वह आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर