Commonwealth Games 2022: न्यूजीलैंड ने की विजयी शुरुआत, द.अफ्रीका को दी 13 रन से मात 

Commonwealth Games Womens Cricket Competition: न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका को मात देकर बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में विजयी शुरुआत की है। 

New-Zealand-Cricket-Team
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम( साभार ICC)  |  तस्वीर साभार: Twitter

बर्मिंघम: सोफी डिवाइन की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में दक्षिण अफ्रीका को 13 रन के अंतर से मात देकर विजयी शुरुआत की है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने कप्तान सोफी डिवाइन के 48 और सूजी बेट्स की नाबाद 91 रन की पारी की बदौलत 2 विकेट पर 167 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को कसी हुई गेंदबाजी के बल पर 7 विकेट पर 154 रन पर रोक दिया मैच अपने नाम कर लिया।

डिवाइन बेट्स ने दी न्यूजीलैंड के धमाकेदार शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम को सोफी डिवाइन और सूजी बेट्स ने शावदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर डिवाइन 48 रन बनाकर मलाबा की गेंद पर कैच आउट हो गईं। वो 2 रन से अपने अर्धशतक से चूक गईं।

बेट्स ने खेली नाबाद 91 रन की पारी 
इसके बाद पूर्व कप्तान सूजी बेट्स ने मोर्चा संभाला और एमेलिया केर के साथ मिलकर टीम को 20 ओवर में 2 विकेट पर 167 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। बेट्स ने 64 गेंद में 91 रन बनाकर नाबाद रहीं और केर 16 गेंद में 20 रन बनाकर पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुईं। बेट्स ने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के जड़े।

खराब रही दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत, 15 रन पर गंवाए 2 विकेट
जीत के लिए 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत खराब रही। एनेके बॉश 3 रन बनाकर दूसरे ओवर में पवेलियन लौट गईं। इसके बाद दूसरी सलामी बल्लेबाजी टैजमिन ब्रिट्स 6 रन बनाकर रो का शिकार बनीं। 4 ओवर में द. अफ्रीका का स्कोर 15 रन पर 2 विकेट हो गया।

प्रीज और वॉलवर्ट ने संभाली लड़खड़ाती पारी 
ऐसे में मेगन डू प्रीज और लौरा वॉलवर्ट ने टीम को संभाला और पचास रन के पार पहुंचाया। लेकिन 61 के स्कोर पर प्रीज 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर केर की गेंद पर कैच दे बैठीं। उन्होंने 22 गेंद में 26 रन बनाए। इसके बाद जल्दी ही वॉलवर्ट भी 28 रन बनाकर डिवानन की गेंद पर बेट्स के हाथों लपकी गईं। 

कप्तान लुस के आउट होते की खत्म हुई द. अफ्रीका की उम्मीदें
74 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाने के बाद क्लोय टायरॉन और कप्तान सुन लुस ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने साझेदारी करते टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर टायरॉन रन आउट हो गईं। उन्होंने 39 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं डेल्मी टकर 1 रन बनाकर डिवाइन का शिकार हो गईं। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर सुन लुस 32 रन बनाकर डिवाइन की गेंद पर कैच दे बैठीं और इसी के साथ ही न्यूजीलैंड की जीत पक्की हो गई। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर