Meaning of Thala: सोशल मीडिया पर छा गया 'थाला', CSK के अधिकारी ने बताया धोनी को इस नाम से क्यों बुलाते हैं

Why MS Dhoni is called Thala: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर मंगलवार को सोशल मीडिया पर थाला शब्द छाया रहा। चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ ने इसकी वजह बताई, और जानिए थाला का मतलब।

Thala MS Dhoni's 39th Birthday
Thala MS Dhoni's 39th Birthday, 'थाला' धोनी का 39वां जन्मदिन (CSK)  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्ली: आज का दिन सोशल मीडिया पर पूरी तरह से सिर्फ एक इंसान के नाम रहा- महेंद्र सिंह धोनी। टीम इंडिया का ये दिग्गज पूर्व कप्तान आज पूरे 39 साल का हो गया है लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी वैसी ही है जैसी पहले थी। भले वो एक साल से क्रिकेट से दूर हैं लेकिन उनके फैंस अपने चहेते खिलाड़ी को हर पल याद करते हैं। सोशल मीडिया पर जन्मदिन की शुभकामनाओं में धोनी को तमाम फैंस 'थाला' (Thala) कहकर भी बुला रहे थे। जिनको नहीं पता कि धोनी को इस नाम से क्यों बुलाया जाता है, उनके लिए  चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) काशी विश्वनाथन ने इसकी वजह बताई है।

काशी विश्वनाथन ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी की जमकर तारीफ की है और बताया है कि क्यों धोनी को चेन्नई में थाला के नाम से जाना जाता है। काशी ने स्टार स्पोर्ट्स तमिल के शो पर कहा, 'मैं सिर्फ एक बात जानता हूं कि वो टीम में से सर्वश्रेष्ठ निकलवाना जानते हैं। वह टीम के हर सदस्य में से सर्वश्रेष्ठ निकलवाना जानते हैं। इसलिए हम उन्हें 'थाला' कहते हैं।' थाला एक तमिल शब्द है जिसका मतलब लीडर या प्रमुख होता है।

10 साल बाद..

काशी विश्वनाथन ने कहा, 'अब से 10 साल बाद, मेरी अंतरआत्मा कहती है कि वो चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स के बॉस की तरह स्थायी सदस्य होंगे।' खैर, 10 साल बाद के बारे में तो पता नहीं लेकिन फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही भारत का अंतरराष्ट्रीय सीमित ओवर क्रिकेट शुरू हो जाए या फिर आईपीएल आयोजित हो जाए, ताकि एमएस धोनी को एक बार फिर मैदान पर देखने की हसरत पूरी हो सके।

एक साल हो गया

गौरतलब है कि पिछले साल 9 जुलाई को जब आईसीसी क्रिकेट विश्व कप सेमीफाइनल में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिली थी, उसके बाद धोनी ने ब्रेक लिया था। उनका वो ब्रेक एक-दो महीने से खिंचते-खिंचते लंबा होता चला गया। साल खत्म हो गया, आईपीएल की बारी आई तो वो अभ्यास करने पहुंचे लेकिन फिर कुछ दिन बाद कोरोना महामारी की वजह से लॉकडाउन हो गया और तब से धोनी रांची में अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं और दुनिया से पूरी तरह से कटे हुए हैं। मैदान पर धोनी को एक साल पूरा हो गया है और अब फैंस बस इंतजार कर रहे हैं कि वो एक बार फिर एक्शन में नजर आएं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर