IPL 2022, CSK vs DC Highlights: धोनी के धुरंधरों ने दिल्ली को चटाई धूल, चेन्नई ने दर्ज की सीजन की सबसे बड़ी जीत

IPL 2022, Chennai Super Kings vs Delhi Capitals Highlights: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ बेहद शानदार अंदाज में विजयी परचम फहराया।

Chennai Super Kings vs Delhi Capitals Live Updates
चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली को हराया। 
मुख्य बातें
  • इंडियन प्रीमियर लीग 2022 का 55वां मैच
  • चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स
  • चेन्नई की टीम जीत की पटरी पर लौट आई है

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। चेन्नई ने नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 91 रन से धूल चटाई। सीएसके ने डेवोन कॉनवे (87) की शानदार पारी के दम पर 208 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की टीम 17.4 ओवर में 117 रन पर ढेर हो गई। डीसी की ओर से सर्वाधिक रन मिचेल मार्श (25) ने बनाए। वहीं, चेन्नई के लिए मोइन अली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर मे ं13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। मुकेश चौधरी, ड्वेन ब्रावो और सिमरजीत सिंह ने दो-दो जबकि महीश तीक्षणा ने एक विकेट चटकाया।

दिल्ली ने की खराब शुरुआत

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने खराब शुरुआत की और 16 के कुल स्कोर पर पहला विकेट खो दिया। बतौर सलामी बल्लेबाज उतरे केएस भरत ने सस्ते में अपना विकेट गंवा दिया। मंदीप सिंह की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल कि गए भरत ने 5 गेंदों में 8 रन बनाए। उन्हें तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह ने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट किया। भरत ने ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर चौके जड़ने के बाद अगली दो गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया। ऐसे में उन्होंने पुल शॉट के जरिए गेंद को बाउंड्री के पार भेजना चाहा लेकिन चूक गए। गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर पहली स्लिप में खड़े मोइन अली के हाथों में चली गई। 

​बड़ी पारी नहीं खेल पाए वॉर्नर

दिल्ली को दूसरा झटका ओपनर डेविड वॉर्नर के तौर पर लगा। टीम को वॉर्नर से टिककर बल्लेबाजी करने की उम्मीद थी लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 12 गेंदों में 19 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 1 चौके और 2 छक्के जड़े। वॉर्नर को मिस्ट्री स्पिनर महीश तीक्षणा ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर अपने जाल में फंसाया। वह लेंथ गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के चक्कर में थे और एलबीडब्ल्यू हो गए। अपील पर अंपायर ने फौरन अपनी उंगली खड़ी कर दी, लेकिन वॉर्नर फैसले से संतुष्ट नजर नहीं आए। वॉर्नर ने रिव्यू लिया, जिसका कोई फायदा नहीं हुआ। अंपायर कॉल के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। उनका विकेट 36 के कुल स्कोर पर गिरा।

मिचेल मार्श बने मोइन का शिकार

चेन्नई को तीसरी सफलता मिचेल मार्श के रूप में मिली। मार्श ने कुछ देर डटकर बल्लेबाजी की पर धमाल नहीं मचा पाए। उन्होंने 20 गेंदों में 25 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का लगाया। मार्श का मोइन ने आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर शिकार शिकार किया। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर आई फुल गेंद को लॉन्ग ऑन की दिशा में छह रन के लिए भेजना चाहा मगर ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों लपके गए। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए ऋषभ पंत के साथ 36 रन की साझेदारी की। उनका विकेट 72 के कुल स्कोर पर गिरा।

पंत-रिपल एक ही ओवर में आउट

मोइन अली ने 10वें ओवर में दिल्ली को दो झटके दिए। उन्होंने पहली गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत को बोल्ड किया। पंत ने कट करने का प्रयास किया लेकिन अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों में घुस गई। उन्होंने 11 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 21 रन की पारी खेली। मोइन ने ओवर की चौथी गेंद पर रिपल पटेल (3 गेंदों में 6) को आउट किया। रिपल ने तीसरी गेंद पर छक्का जड़ा और वह अगली गेंद को भी उठाकर बाउंड्री के बाहर मारना चाहते थे लेकिन सही से कनेक्ट नहीं कर पाए। ऐसे में गेंद हवा में टंग गई और डेवोन कॉनवे ने कैच लपक लिया। 

नहीं चला अक्षर-पॉवेल का बल्ला

मोइन के बाद तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने 11वें ओवर में दो विकेट चटकाए। उन्होंने पहली गेंद पर अक्षर पटेल को बोल्ड किया। वह अंदर आई गुड लेंथ गेंद को पर गच्चा खा गए। उन्होंने 3 गेंदों में 1 रन बनाया। इसके बाद मुकेश ने ओवर की पांचवीं गेंद पर बिग हिटर रोवमैन पॉवेल को अपना शिकार बनाया। पॉवेल गुड लेंथ गेंद को कट करना चाहते थे लेकिन विकेट के पीछे धोनी के हाथों लपके गए। उन्होंने 9 गेंदों में महज 3 रन जुटाए। पॉवेल का विकेट 85 के कुल स्कोर पर गिरा।

आखिरी तीन विकेट 32 रन जोड़कर गंवाए

दिल्ली ने अपने आखिरी तीन विकेट 32 रन जोड़कर गंवाए। कुलदीप यादव ने 17 गेंदों में 5 रन बनाने के बाद सिमरजीत का शिकार बने। उन्होंने 16वें ओवर की  दूसरी गेंद पर उथप्पा को कैच थमाया। शार्दुल ठाकुर ने 19 गेंदों में 24 रन की पारी खेली। उन्होंने 2 चौके और 1 छक्के ठोका। शार्दुल को ड्वेन ब्रावो ने 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर विकेट के पीछे धोनी के हाथों लपकवाया। वह दिल्ली की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। ब्रावो ने इसी ओवर की चौथी गेंद पर खलील अहमद (0) को बोल्ड कर दिल्ली की पारी का अंत कर दिया। एनरिक नॉर्खियां 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

ऐसा रहा चेन्नई की पारी का हाल

चेन्नई ने किया दमदार आगाज

सीएसके ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 207 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम ने दमदार आगाज किया। सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और डेवोन कॉनवे ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़े। यह साझेदारी एनरिक नॉर्खिया ने 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर गायकवाड़ को आउट कर तोड़ी। वह 150 किमी की रफ्तार से आई शॉर्ट पिच गेंद पर पुल करने की फिराक में थे लेकिन अतिरिक्त उछाल से गच्चा खा गए। गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर खड़ी हो गई और मिडविकेट पर मौजूद अक्षर पटेल ने आसान से कैच पकड़ लिया।  गायकवाड़ ने 33 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के के जरिए 41 रन की पारी खेली। 

पहले शतक से चूके कॉनवे

चेन्नई को दूसरा झटका कॉनवे के तौर पर लगा। लग रहा था कि कॉनवे पहला आईपीएल शतक जड़ने में कामयाब हो जाएंगे लेकिन वह 87 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 49 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके और 5 छक्के ठोके। उन्हें 17वें ओर की तीसरी गेंद पर तेज गेंदबाज खलील अहमद ने पवेलियन की राह दिखाई। कॉनवे स्लोअर पर लैप शॉट जड़ना चाहते थे और लेकिन गेंत बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर पंत के दस्तानों में समा गई। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए शिवम दुबे के साथ 59 रन की पार्टनरशिप की। उनका विकेट 168 के कुल स्कोर पर गिरा।

दुबे ने 32 रन की पारी खेली

सीएसके का तीसरा विकेट शिवम दुबे के रूप में गिरा। गायकवाड़ के जाने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए दुबे ने ताबड़तोड़ अंदाज में 32 रन की पारी खेली। उन्होंने 19 गेंदों का सामना करने के बाद 2 चौके और 2 सिक्स जमाए। दुबे को मिचेल मार्श ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह ऑफ स्टंप की लाइन में आई लेंथ गेंद को लॉन्ग ऑफ के ऊपर से भेजने के चक्कर में थे पर सही से कनेक्ट नहीं कर सके। ऐसे में डेविड वॉर्नर ने कोई गलती नहीं की और आसान से कैच ले लिया।  

जल्द आउट हुए रायुडू, मोइन

आखिर में बल्लेबाजी के लिए आए अंबाती रायुडू और मोइन अली जल्द आउट हो गए। रायुडू ने 6 गेंदों में 1 चौके जरिए 5 रन जुटाए। उन्हें खलील अहमद ने 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर अक्षर के हाथों लपकवाया। वहीं, नॉर्खिया ने 20वें ओवर में दो शिकार किए। उन्होंने मोइन अली (4 गेंदों में 9) को दूसरी गेंद पर पवेलियन भेजा। मोइन ने वॉर्नर को कैच थमाया। वहीं, ओवर की तीसरी गेंद पर रॉबिन उथप्पा (0) सब्सीट्यूट खिलाड़ी कमलेश नागरकोटी के हाथों लपके गए। एमएस धोनी 8 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 1 चौका और 1 छक्के जड़े। ड्वेन ब्रावो ने नाबाद 1 रन बनाया।

टॉस के बाद क्या बोले दोनों कप्तान?

टॉस जीतने के बाद दिल्ली के कप्तान पंत ने कहा कि मुझे लगता है विकेट अच्छा है। हम लक्ष्य का पीछा करना चाहते हैं। सीजन में उतार-चढ़ाव रहा है। हम सकारात्मक चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। यह एक अच्छा मैच होने जा रहा है। मैंने धोनी से काफी कुछ सीखा है। हमने दो बदलाव किए हैं मंदीप सिंह और ललित यादव की जगह केएस भरत और अक्षर पटेल को शामिल किया है। वहीं, टॉस गंवाने के बाद चेन्नई के कप्तान धोनी ने कहा कि हम अपने टीम संयोजन को देखते हुए पहले गेंदबाजी करते। लेकिन टॉस हमारे नियंत्रण में नहीं है। शुरुआत में हमारा सीजन खराब था लेकिन हमने इसका भरपूर फायदा उठाया। इसने वास्तव में हमारी मदद की। हमने एक बदलाव किया है। रवींद्र जजेजा फिट नहीं है। उनके स्थान पर शिवम दुबे आए हैं।

Chennai Super Kings vs Delhi Capitals Playing 11

चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन: एमएस धोनी (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, मोइन अली, ड्वेन ब्रावो, शिवम दुबे, महीश तीक्षणा, सिमरजीत सिंह, मुकेश चौधरी।

दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन: ऋषभ पंत (कप्तान), डेविड वॉर्नर, केएस भरत, मिचेल मार्श, रोवमैन पॉवेल, अक्षर पटेल, रिपल पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, एनरिक नॉर्खिया, खलील अहमद।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर