हिटमैन रोहित शर्मा का दुष्मंथा चमीरा ने फिर किया शिकार, अपने नाम किया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड 

Rohit Sharma vs Dushmantha Chameera: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने दुनिया के बड़े से बड़े गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए हैं लेकिन उनकी श्रीलंकाई गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 में एक नहीं चलती है। यह बार शनिवार को एक बार फिर साबित हो गई जब पांचवीं बार उन्होंने हिटमैन को अपना शिकार बनाया। 

Rohit-Sharma-Bowled
दुष्मंथा चमीरा की गेंद पर बोल्ड होने के बाद रोहित शर्मा  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांचवीं बार बने दुष्मंथा चमीरा का शिकार
  • चमीरा के खिलाफ नहीं चलता है हिटमैन का बल्ला, 11 मैच में उनके खिलाफ बना सके हैं केवल 32 रन
  • रोहित का पांचवीं बार शिकार करते ही दुष्मंथा चमीरा के नाम दर्ज हुआ वर्ल्ड रिकॉर्ड

धर्मशाला: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 में खामोश रहा। रोहित भारतीय पारी के पहले ही ओवर में दुष्मंथा चमीरा की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 2 गेंद का सामना किया और 1 रन बना सके। 

रोहित का विकेट अपने नाम करते ही चमीरा के नाम अंतरराष्ट्रीय टी20 का एक नया रिकॉर्ड दर्ज हो गया। चमीरा ने पांचवीं बार रोहित शर्मा को अंतरारष्ट्रीय टी20 में शिकार बनाया। इसके साथ ही चमीरा अंतरराष्ट्रीय टी20 में किसी एक खिलाड़ी को पांच बार आउट करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं। 

चमीरा के पसंदीदा शिकार
दुष्मंथा चमीरा के रोहित शर्मा सबसे पसंदीदा शिकार रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले रोहित की श्रीलंका के इस गेंदबाज के सामने टी20 में एक नहीं चलती है। अबतक दोनों का 11 मैच में एक दूसरे से आमना-सामना हुआ है जिसमें से 5 बार चमीरा रोहित को पवेलियन वापस भेजने में सफल रहे हैं। चमीरा से पहले रोहित का सबसे ज्यादा 4 बार अंतरराष्ट्रीय टी20 में शिकार कीवी गेंदबाज टिम साउदी ने किया था। इसके लिए उन्हें 13 मैच खेलने पड़े थे। 

फ्लॉप रहा है चमीरा के खिलाफ हिटमैन का बल्ला
रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 11 मैच दुष्मंथा चमीरा की गेंदबाजी का सामना किया है। इस दौरान वो केवल 26 गेंद खेल सके हैं और पांच बार अपना विकेट गंवा बैठे। इस दौरान उनके बल्ले से कुल 32 रन निकले हैं ये रन उन्होंने 6.40 के बेहद खराब औसत और 123.07 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। 

श्रीलंकाई, कीवी और द. अफ्रीकी गेंदबाजों का रहा है दबदबा 
अंतरराष्ट्रीय टी20 में रोहित शर्मा का सबसे ज्यादा बार शिकार करने वाले गेंदबाजों की सूची में दुष्मंथा चमीरा(5) और टिम साउदी(4) के बाद ईश सोढी(3), ट्रेंट बोल्ट(3), जेसन बेहरेनडॉर्फ(3) और जूनियर डाला(3) का नंबर आता है। चमीरा के अलावा रोहित को सबसे ज्यादा बार शिकार बनाने वालों में कीवी और दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर