ENG vs IRE: इयोन मोर्गन का ताबड़तोड़ शतक, तोड़ डाला धोनी के छक्कों का विश्व रिकॉर्ड

Eoin Morgan, England vs Ireland 3rd ODI match: इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच तीसरे व अंतिम वनडे मैच में इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन ने वनडे में कप्तान के तौर पर छक्कों का नया रिकॉर्ड बना डाला। धोनी को पीछे छोड़ा।

Eoin Morgan ton against Ireland in Third ODI
Eoin Morgan ton against Ireland in Third ODI, इयोन मोर्गन का शतक  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • इंग्लैंड बनाम आयरलैंड तीसरा वनडे मैच
  • इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने जड़ा धुआंधार शतक
  • मोर्गन ने बनाया किसी कप्तान द्वारा सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड, धोनी को पछाड़ा

Eoin Morgan breaks MS Dhoni's record: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान इयोन मोर्गन (Eoin Morgan) ने एक बार फिर दुनिया को दिखाया कि उनका बल्ला क्या कुछ करने में माहिर है। विश्व कप 2019 में उनका धमाकेदार शतक अभी फैंस भूले भी नहीं थे कि मंगलवार को आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में मोर्गन ने एक और धमाकेदार शतक जड़ डाला। उन्होंने ना सिर्फ लाजवाब शतकीय पारी खेलकर विरोधी गेंदबाजों के पसीने छुड़ाए, बल्कि किसी कप्तान द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्कों का विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ डाला। ये रिकॉर्ड अब तक महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के नाम था।

इयोन मोर्गन की बेहतरीन पारी

इंग्लिश कप्तान इयोन मोर्गन आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में टॉस हार चुके थे। आयरलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया और मोर्गन ने आयरिश कप्तान के फैसले को फीका करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 44 रन पर वे अपने 3 विकेट गंवा चुके थे।

इसके बाद शुरू हुआ मोर्गन का कहर। उन्होंने 39 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर 78 गेंदों में शतक पूरा कर दिया। मोर्गन ने आउट होने से पहले 84 गेंदों में 106 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। मोर्गन इससे पहले वर्ल्ड कप 2019 में धमाकेदार शतक के अलावा इसी साल फरवरी में क्रिकेट थमने से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 में भी ताबड़तोड़ पारी खेल चुके थे, उस टी20 पारी में उनके बल्ले से 7 छक्के निकले थे।

बना दिया छक्कों का नया रिकॉ्र्ड, धोनी पीछे छूटे

मोर्गन ने अपनी इस लाजवाब शतकीय पारी के दौरान 4 छक्के जड़े। इन चार छक्कों के साथ वो भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से आगे निकल गए। अब मोर्गन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले कप्तान बन चुके हैं। ये हैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले कप्तान..

  • इयोन मोर्गन - 212 छक्के
  • महेंद्र सिंह धोनी - 211 छक्के
  • रिकी पोंटिंग - 171 छक्के
  • ब्रेंडन मैकुलम - 170 छक्के

इन सभी कप्तानों में एक बात देखने वाली ये है कि मोर्गन को छोड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई भी खिलाड़ी इस समय मैदान पर नहीं है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैकुलम जहां संन्यास ले चुके हैं, वहीं पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक साल से क्रिकेट नहीं खेला है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर