IPL 2020 नीलामी: 15 साल के अफगानी खिलाड़ी पर लगेगी बोली 

Afghanistan's chinaman bowler Noor Ahmad: अफगानिस्तान के 15 साल के खिलाड़ी पर 19 दिसंबर को कोलकाता में होने वाली आईपीएल 2020 की नीलामी में बोली लगेगी। जानिए कौन है ये खिलाड़ी।

Noor Ahmed
Noor Ahmed 

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के लिए 19 दिसंबर को होने वाली नीलामी के लिए बिसात बिछ चुकी है। गुरुवार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने 332 खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी कर दी। इसमें महज 15 साल( 14 साल 344 दिन) के अफगानिस्तानी खिलाड़ी नूर अहमद को भी जगह मिली है। 332 खिलाड़ियों में शामिल 146 विदेशी खिलाड़ियों में नूर अहमद भी शामिल हैं। वो आईपीएल के 13 साल के इतिहास में नीलामी में शामिल होने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। 

बांए हाथ का चाइनामैन गेंदबाज पिछले महीने भारत दौरा करने वाली अफगानिस्तानी अंडर 19 टीम का सदस्य था। पांच मैच की सीरीज में उन्होंने 9 विकेट झटके। इस सीरीज में टीम इंडिया को 3-2 के अंतर से जीत मिली थी। नूर अहमद के अलावा छह अन्य अफगानी खिलाड़ियों को नीलामी की अंतिम सूची में जगह मिली है। इसमें उनके साथ मोहम्मद शहजाद, जहीर खान, करीम जन्नत, वकार सलामखिल, काएस अहमद और नवीन उल हक शामिल हैं। 

यदि 15 साल के नूर अहमद को आईपीएल 2020 के लिए होने वाली नीलामी में खरीदार मिल जाता है तो वो आईपीएल इतिहास में किसी भी टीम में शामिल होने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले किसी भी खिलाड़ी को इतनी कम उम्र में किसी भी टीम ने अपने दल में शामिल नहीं किया है। साल 2018 में अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान आईपीएल में नीलाम होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। किंग्स इलेवन पंजाब ने 16 साल की उम्र में अपनी टीम में शामिल किया था। इसके बाद वो सबसे कम उम्र में आईपीएल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने थे। 

मुजीब का ये रिकॉर्ड साल 2019 में विराट की टीम में खेलने वाले प्रयास रे बर्मन ने तोड़ा था। प्रयास रे बर्मन को 16 साल 55 दिन की उम्र में आरसीबी ने अपनी टीम में शामिल किया था। इसके बाद वो 16 साल 157 की उम्र में हैदराबाद के खिलाफ सबसे कम उम्र में आईपीएल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बने थे। ऐसे में नूर अहमद की किस्मत पर प्रयास का रिकॉर्ड टिका है। 

 


भारत के खिलाफ मचाया था धमाल, तोड़ा था शोएब मलिका का विश्व रिकॉर्ड 

 

नूर अहमद ने साल 2019 में अंडर 19 एशिया कप में भारत के खिलाफ घातक गेंदबाजी करके तहलका मचा दिया था। तब 14 साल के नूर ने 10 ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए थे। वह यूथ इंटरनेशनल क्रिकेट में एक मैच में चार विकेट झटकने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तानी खिलाड़ी शोएब मलिक को पीछे छोड़ा था। भारत के खिलाफ जब नूर ने जब यह कमाल किया तब उनकी उम्र 14 साल 249 दिन थी। वहीं शोएब ने साल 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ यूथ टेस्ट में चार विकेट लिए थे तब उनकी उम्र 14 साल 311 दिन थी।

 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर