पूर्व चयनकर्ता ने किया खुलासा, अगर ऐसा नहीं होता तो एमएस धोनी जरूर खेलते टी20 विश्व कप

Former selector Sarandeep Singh on MS Dhoni: पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह ने एमएस धोनी को लेकर अहम खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो धोनी टी20 विश्व कप जरूर खेलते।

MS Dhoni
महेंद्र सिंह धोनी  |  तस्वीर साभार: AP, File Image
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया
  • उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2019 में खेला था
  • अब एक पूर्व चयनकर्ता ने धोनी को लेकर खुलासा किया है

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने पिछले साल अगस्त में अंतरारष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला। इसके बाद धोनी मैदान से कई महीनों दूर रहे। उम्मीद जताई गई कि धोनी साल 2020 में अक्टूबर में होने वाले टी20 विश्व कप में खेलेंगे और फिर रिटायरमेंट ले लेंगे। लेकिन कोरोना महामारी की वजह से विश्व कप का आयोजन नहीं हो पाया और धोनी ने सभी कौ चौंकाते हुए आईपीएल से पहले संन्यास ले लिया। अब एक पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह ने खुलासा किया है कि अगर महामारी नहीं आई होती तो धोनी टी20 विश्व कप जरूर खेलते।

'धोनी के न खेलने का कोई कारण नहीं था'

सरनदीप ने स्पोर्ट्सकीड़ा के साथ बातचीत में कहा कि अगर कोरोना महामारी नहीं आती तो धोनी निश्चित रूप से खेलते। हम भी सोच रहे थे कि उन्हें टी20 विश्व कप जरूर खेलना चाहिए। वह फिट थे। उनके न खेलने का कोई कारण नहीं था। हम हमेशा पहले खिलाड़ियों की फिटनेस देखते हैं कि वे कब तक खेल सकते हैं और माही सबसे फिट थे। उन्होंने कभी प्रैक्टिस से ब्रेक नहीं लिया। यहां तक ऑप्शनल प्रैक्टिस में भी माही मौजूद रहते थे। ऐसा कभी नहीं हुआ कि चोट के कारण वह मैच खेलने से रह गए। यही कारण है कि उन्हें सभी से इतना सम्मान मिला। 

'धोनी टी20 विश्व कप खेलने के हकदार थे'

सरनदीप ने आगे बताया कि चयन समिति के सभी सदस्यों का मानना ​​था कि एक खिलाड़ी और एक कप्तान के रूप में टीम इंडिया के लिए धोनी जो कुछ हासिल किया, उसके लिए माही टी20 विश्व कप खेलने के हकदार थे। सरनदीप ने कहा, 'हमने हमेशा महसूस किया कि बतौर खिलाड़ी जिसने भारत के लिए इतना खेला और इतनी ट्रॉफी जीतीं - एक भी ट्रॉफी ऐसी नहीं जो उन्होंने नहीं जीती - वह मौका पाने के हकदार हैं। यह मेरी व्यक्तिगत और चयन समिति में सभी की राय थी कि धोनी को टी20 विश्व कप खेलना चाहिए था।  

धोनी ने 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 खेले

धोनी ने 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था। धोनी भारत के लिए 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। उन्होंने टेस्ट 38.09 की औसत से 4876 रन, वनडे में 50.6 की औसत से 10773 रन वहीं टी20 में 37.60 की औसत से 1617 रन बनाए हैं। वहीं, धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम का काफी दबदबा रहा है। वह सभी आईसीसी टूर्नामेंट जीतने वाले विश्व के इकलौते कप्तान हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने 50 ओवरों का विश्व कप, टी20 विश्व कप और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर