Rohit and Dhoni : हिटमैन का रिकॉर्ड खतरे में, ये आईपीएल टीम रच सकती है इतिहास

Rohit and Dhoni : दुनिया की सबसे अमीर और बड़ी टी-20 लीग, आईपीएल के 15वें संस्करण की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है। इस लीग की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस है, जिसने सर्वाधिक पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी जीती है। मुंबई की टीम ने ये सभी खिताब कप्तान रोहित शर्मा की अगुआई में जीते हैं। लेकिन रोहित का सबसे अधिक खिताब जीतने का रिकॉर्ड अब खतरे में है। गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान एमएस धोनी ने चार बार ट्रॉफी जीती है और अब टीम की नजर पांचवें खिताब पर हैै।

MS DHONI
CSK CAPTAIN MS DHONI  |  तस्वीर साभार: Twitter

Rohit vs Dhoni: दुनिया की सबसे महंगी और बड़ी टी-20 लीग आईपीएल का 15वां संस्करण 26 मार्च से शुरू होने जा रहा हैै। इस लीग के इतिहास पर नजर डालें तो दो टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स सबसे सफल रही हैं। पिछली बार आईपीएल का खिताब कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने जीता था। सीएसके की नजर इस सीजन अपना खिताब बचाने और टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक 05 बार चैंपियन बनने के रिकॉर्ड की बराबरी करने पर होगी। लेकिन इसके लिए चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम को उसी तरह का दमदार प्रदर्शन करना होगा, जो उसने पिछले सीजन में किया था।

धोनी कर सकते हैं रोहित की बराबरी

आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस है। कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम ने सबसे अधिक पांच बार खिताब जीता है। मुंबई की टीम ने पहली बार 2013 में ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद रोहित की अगुआई में मुंबई ने 2015, 2017,2019 और 2020 में आइपीएल खिताब जीता। हालांकि मुंबई के पास पिछले सीजन लगातार तीन खिताब जीतकर हैट्रिक बनाने वाली पहली टीम बनने का शानदार मौका था लेकिन उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मुंबई फाइनल में पहुंच ही नहीं सकी। धोनी यदि अपनी टीम चेन्नई को इस सीजन भी खिताब दिलाने में सफल रहे तो वह सर्वाधिक खिताब जीतने के मामले में रोहित शर्मा की बराबरी कर लेंगे। 

सर्वाधिक 9 बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड

मुंबई इंडियंस ने भले ही सबसे अधिक खिताब जीते हैं लेकिन सर्वाधिक बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपरकिंग्स के नाम है। धोनी की कमान में चेन्नई की टीम आईपीएल 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2015, 2018, 2019 और 2021 के फाइनल में पहुंची। इस दौरान चेन्नई की टीम ने चार बार 2010, 2011, 2018 औऱ 2021 में खिताब जीता और चैंपियन बनीं।

ये भी पढ़िएः आईपीएल 2022 का पूरा कार्यक्रम हुआ जारी, यहां देखिए हर मैच का शेड्यूल

इस सिलसिले को खत्म करना चाहेंगे माही

दिलचस्प बात यह है कि धोनी के नाम सर्वाधिक बार फाइनल में हारने वाले कप्तान के रूप में अनोखा रिकॉर्ड भी दर्ज है। उनकी कप्तानी में चेन्नई को पांच बार 2008, 2012, 2013, 2015 और 2019 के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। धोनी की कोशिश होगी कि अब जब कभी टीम फाइनल में पहुंचे तो उसे हार का मुंह नहीं देखना पड़े।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर