India A vs South Africa A Test, Day 3: अभिमन्यु ईश्वरन की दक्षिण अफ्रीका में शानदार शतकीय पारी, कप्तान प्रियांक भी गरजे

क्रिकेट
भाषा
Updated Nov 25, 2021 | 22:47 IST

India A vs South Africa A 1st Unofficial Test Match Day 3 report: इंडिया-ए के बल्लेबाज अभिमन्यु इश्वरन और कप्तान प्रियांक पंचाल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ उन्हीं के मैदान पर जमकर रनों की बारिश कर दी।

Abhimanyu Easwaran
अभिमन्यु ईश्वरन (BCCI)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • इंडिया-ए का दक्षिण अफ्रीका दौरा 2021
  • पहले अनाधिकृत टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों का दम दिखा
  • अभिमन्यु इश्वरन और कप्तान प्रियांक पंचाल ने ढाया कहर

भारतए ने अभिमन्यु ईश्वरन (103) के शतक और कप्तान प्रियांक पंचाल (96) के साथ दूसरे विकेट के लिये उनकी 142 रन की साझेदारी से पहले अनधिकृत टेस्ट (चार दिवसीय) क्रिकेट मैच के तीसरे दिन गुरूवार को दक्षिण अफ्रीका ए खिलाफ स्टंप तक चार विकेट पर 308 रन बना लिये। दक्षिण अफ्रीका ए ने पहली पारी सात विकेट पर 509 रन बनाकर घोषित की थी जिससे भारत ए की टीम अब भी 201 रन से पिछड़ रही है। स्टंप तक बाबा अपराजित 19 और विकेटकीपर बल्लेबाज उपेंद्र यादव पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।

तीसरे दिन खराब रोशनी के कारण खेल देर से शुरू हुआ। भारत ए ने एक विकेट पर 125 रन से खेलना शुरू किया। पंचाल और ईश्वरन ने सतर्कता से बल्लेबाजी करते हुए अपने अर्धशतक पूरे किये। पंचाल ने 45 रन की पारी को जल्द ही पचासे में तब्दील किया और ईश्वरन के साथ दूसरे विकेट की भागीदारी को मजबूत किया। पर वह अपने शतक से चार रन से चूक गये और जार्ज लिंडे ने उन्हें पगबाधा आउट कर दूसरे विकेट की शतकीय साझेदारी का अंत किया। पंचाल ने 171 गेंद में 14 चौके की मदद से 96 रन बनाये।

ईश्वरन ने भी 27 रन की पारी को अर्धशतक तक पहुंचाया। उन्होंने हनुमा विहारी (25) के साथ तीसरे विकेट के लिये 42 रन की साझेदारी निभायी। पर लिंडे ने विहारी को आउट कर यह भागीदारी तोड़ दी। ईश्वरन ने फिर अपना शतक पूरा किया और 209 गेंद का सामना करते हुए अपनी 103 रन की पारी के दौरान 16 चौके जमाये।

लुथो सिपमाला ने ईश्वरन की पारी समाप्त की जो टीम का चौथा विकेट था। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज सिपमाला ने 73 रन और लिंडे ने 32 रन देकर दो दो विकेट झटके।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर