अहमदाबाद और लखनऊ: नाम से लेकर दाम तक, नीलामी से पहले दोनों नई आईपीएल टीमों के बारे में जानिए सब कुछ

Ahmedabad and Lucknow in IPL 2022: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की नीलामी इसी हफ्ते होने जा रही है। नीलामी से पहले दो नई टीमों के बारे में सब कुछ जानिए।

Hardik Pandya and KL Rahul
हार्दिक पांड्या और केएल राहुल  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022
  • 15वें सीजन में 10 टीमें मैदान पर उतरेंगी
  • अहमदाबाद और लखनऊ नई फ्रेंचाइजी हैं

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। टूर्नामेंट मार्च के आखिरी सप्ताह से शुरू होकर मई के अंत चलेगा। आईपीएल फैंस को मेगा ऑक्शन का बेसब्री से इंतजार है, जिसका आयोजन 12 और 13 फरवरी को होना जा रहा है। 15वां सीजन काफी अलग होने वाला है, क्योंकि दो नई टीमों- अहमदाबाद और लखनऊ के जुड़ने से अब 10 फ्रेंचाइजी ट्रॉफी की दावेदार हो गई हैं। आइए आपको अहमदबाद और लखनऊ टीम के बारे में सब कुछ बताते हैं, जिसमें नाम से लेकर फ्रेंचाइजी के दाम तक शामिल हैं।

अहमदाबाद का मालिकाना हक

अहमदाबाद टीम का मालिकाना हक अंतरराष्ट्रीय इक्विटी निवेश फर्म सीवीसी कैपिटल के पास है। सीवीसी कैपिटल ने अहमदाबाद फ्रेंचाइजी को 5,600 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने नाम किया था।

अहमदाबाद फ्रेंचाइजी का नाम

अहमदाबाद की टीम 'गुजरात टाइटंस' के नाम से जानी जाएगी। दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम गुजरात टाइटन्स का होम ग्राउंड होगा। यह स्टेडियम अहमदाबाद में है।

'गुजरात टाइटंस' का कोचिंग स्टाफ

गुजरात टाइटंस ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को अपने हेड कोच नियुक्त किया है। वहीं, टीम इंडिया के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन फ्रेंचाइजी के मेंटोर हैं। विक्रम सोलंकी को फ्रेंचाइजी ने डायरेक्टर बनाया है।

गुजरात टाइटंस ने इन्हें किया रिटेन

गुजरात टाइटंस ने 38 करोड़ रुपये खर्च कर तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया है। फ्रेंचाइजी ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (15 करोड़) को कप्तान बनाया है। हार्दिक के अलावा टीम ने स्पिनर राशिद खान (15 करोड़), बल्लेबाज शुभमन गिल (8 करोड़) को अपने साथ जोड़ा है।

पर्स में कितना पैसा बाकी है?

गुजरात टाइटंस के पर्स में अब नीलामी में उतरे के लिए 52 करोड़ रुपए बचे हैं।

यह भी  पढ़ें: ये हैं आईपीएल इतिहास के 5 सबसे महंगे खिलाड़ी, जो नीलामी में कुछ ही मिनटों में हुए 'धनकुबेर'

लखनऊ का मालिकाना हक

लखनऊ टीम का मालिकाना हक संजीव गोयनका के आरपीएसजी ग्रुप ने हासिल किया। आरपीएसजी ने 7090 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर फ्रेंचाइजी खरीदी।

लखनऊ फ्रेंचाइजी का नाम

लखनऊ की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम से आगामी सीजन में मैदान पर उतरेगी। फ्रेंचाइजी का होम ग्राउंड लखनऊ का इकाना स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा।

लखनऊ का कोचिंग स्टाफ

जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर एंडी फ्लावर लखनऊ के मुख्य कोच होंगे। भारत के पूर्व ओपनर और कोलकाता नाइट राइडर्स को दो बार खिताब जिताने वाले गौतम गंभीर को फ्रेंचाइजी ने अपना मेंटोर  बनाया है। पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज विजय दहिया सहायक कोच नियुक्त किए गए हैं।

लखनऊ ने इन्हें किया रिटेन

लखनऊ सुपर जायंट्स ने 30 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और तीन खिलाड़ियों को रिटेन किया है। लखनऊ की कमान भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल (17 करोड़) संभालेंगे। फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस (9.2 करोड़) और रवि बिश्नोई (4 करोड़) को भी लिया है।

पर्स में कितना पैसा बाकी है?

लखनऊ सुपर जायंट्स के पर्स में नीलामी में जाने के लिए 59.8 करोड़ रुपये बाकी हैं।

यह भी  पढ़ें: तीन पाकिस्‍तान मूल के खिलाड़ी जो आईपीएल नीलामी के लिए हुए शॉर्टलिस्‍ट

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर