जॉनी बेयर्स्टो ने जड़ा लगातार तीसरा टेस्ट शतक, बने साल 2022 के सबसे सफल बल्लेबाज

जॉनी बेयर्स्टो का शानदार फॉर्म भारत के खिलाफ बर्मिंघम में भी जारी रहा। बेयर्स्टो टीम इंडिया के खिलाफ शतक जड़कर साल 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।

Jonny-Bairstow
जॉनी बेयस्टो  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • जॉनी बेयर्स्टो ने जड़ा लगातार तीसरा टेस्ट शतक
  • उस्मान ख्वाजा को पीछे छोड़ बने साल 2022 में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज
  • इस साल बेयर्स्टो जड़ चुके हैं कुल 5 टेस्ट शतक

बर्मिंघम: टीम इंडिया के खिलाफ बर्मिंघम में खेले जा रहे सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट के तीसरे दिन जॉनी बेयर्स्टो ने धमाकेदार शतकीय पारी अपनी टीम को मुश्किल से उबरा। इसी दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। बेयर्स्टो 140 गेंद में 107 रन की पारी खेलकर टीम को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। 

स्टोक्स के साथ धमाकेदार अंदाज में की तीसरे दिन की शुरुआत
इंग्लैंड की टीम रविवार को जब बल्लेबाजी करने उतरी तब उनका स्कोर 84 रन पर 3 विकेट था। उस वक्त बेयर्स्टो 12 और बेन स्टोक्स 0 के स्कोर के साथ मैदान पर उतरे। दोनों ने सधे हुए अंदाज में शुरुआत की लेकिन शुरुआती कुछ ओवरों के बाद बेयर्स्टो और स्टोक्स ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोल दिया। दोनों ने 60 गेंद में छठे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। लेकिन इसके बाद स्टोक्स शार्दुल ठाकुर की गेंद पर बुमराह के हाथों शानदार ढंग से लपके गए। इसके बाद टीम की जिम्मेदारी बेयर्स्टो के कंधों पर आ गई। 

पारी के साथ तेज होती गई रनों की रफ्तार, 119 गेंद में जड़ा सैकड़ा
बेयर्स्टो ने अपने शुरुआती 12 रन 60 गेंद में बनाए थे। लेकिन जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी उनके रन बनाने की रफ्तार भी बढ़ती गई। 81 गेंद में उन्होंने अपना अर्धशतक 7 चौकों की मदद से पूरा किया। यानी अगली 21 गेंद में उन्होंने 38 रन जड़ दिए। इसके बाद उनके रन बनाने की रफ्तार बढ़ गई और उन्होंने अपना शतक 119 गेंद में 14 चौकों और 2 छक्कों की मदद से पूरा कर लिया। ये उनका 11वां और लगातार तीसरा टेस्ट शतक था। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी दो टेस्ट मैच में उन्होंने शतकीय पारियां खेली थीं। 

बेयर्स्टो की तीनों ही शतक तेज रफ्तार से जड़े हैं। बर्मिंघम में भारत के खिलाफ शतक सबसे धीमा रहा। लीड्स में बेयर्स्टो ने 95 गेंद में और नॉटिंघम टेस्ट की दूसरी पारी में 77 गेंद में शतक जड़ा था। लीड्स टेस्ट की दोनों पारियों में बेयर्स्टो ने 162  और 71* रन बनाए थे। वहीं नॉटिंघम में उन्होंने 8 और 136 रन की पारी न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी। 

साल 2022 के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाज
अपने इस शानदार फॉर्म की बदौलत बेयर्स्टो साल 2022 में दुनिया में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। साल 2022 में बेयर्स्टो ने अबतक खेले 8 टेस्ट की 15 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 67.69 के औसत और 75.92 के स्ट्राइक रेट से 880 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 1 अर्धशतक जड़ा है। उनका सर्वाधिक स्कोर 162 रन रहा है। ये पारी उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ लीड्स में खेली थी। बेयर्स्टो ने साल 2022 में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा को पीछे छोड़ा जिन्होंने अबतक 822 रन बनाए हैं। इस सूची में तीसरे पायदान पर 785 रन के साथ जो रूट हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर