IND vs SL: अर्शदीप के रोमांचक आखिरी ओवर में ऐसे हारा भारत, जानिए उन 5 गेंदों का पूरा हाल

India vs Sri Lanka, Asia Cup 2022, Super-4, Arshdeep Singh's last over: भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए एशिया कप 2022 सुपर-4 मैच में श्रीलंका ने रोमांचक जीत दर्ज की। इस मैच में अर्शदीप सिंह ने अंतिम ओवर किया।

India vs Sri Lanka: Arshdeep Singh last over
भारत बनाम श्रीलंकाः अर्शदीप सिंह का आखिरी ओवर  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • भारत बनाम श्रीलंका - एशिया कप 2022
  • सुपर-4 के रोमांचक मैच में श्रीलंका ने भारत को हराया
  • अर्शदीप सिंह ने किया शानदार ओवर लेकिन अंतिम क्षणों में मिली हार

Asia Cup 2022, INDIA vs SRI LANKA, Arshdeep Singh's last over: भारत और श्रीलंका के बीच मंगलवार को एशिया कप 2022 का सुुपर-4 मुकाबला खेला गया। इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबको चौंकाया और टीम इंडिया को 1 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। मुकाबले का निर्णय रोमांचक अंतिम ओवर की पांचवीं गेंद पर हुआ। एक बार फिर से अंतिम क्षणों में वही भारतीय खिलाड़ी सबकी नजरों में था जिसको पाकिस्तान के खिलाफ अंतिम पलों में कैच छोड़ने पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। जी हां, अर्शदीप सिंह।

इस मैच में श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी और कप्तान रोहित शर्मा की 72 रनों की धमाकेदार पारी के दम पर 8 विकेट खोते हुए 173 रन बनाए। अब श्रीलंकाई टीम के सामने 174 रनों का लक्ष्य था। जवाब में श्रीलंकाई ओपनर्स ने लाजवाब शुरुआत की और दोनों ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। कुसल मेंडिस ने 57 रन और पथुम निसंका ने 52 रन बनाए।

ऐसे रोमांचक हुआ मैच

दोनों ओपनर्स के शानदार प्रदर्शन के बावजूद युजवेंद्र चहल ने एक समय पर तीन विकेट चटकाते हुए श्रीलंकाई टीम को वापस दबाव में ला दिया और टीम इंडिया एक बार फिर मैच में वापसी करती दिखने लगी। लेकिन भानुका राजपक्षे और कप्तान दासुन शनाका पिच पर टिके और मैच को अंतिम क्षणों तक ले गए। पारी के 19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने 14 रन लुटा दिए जिससे टीम इंडिया की राह और मुश्किल हो गई। अब अंतिम ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे, उनके पास अभी 6 विकेट बाकी थे और गेंद थी अर्शदीप सिंह के पास।

आखिरी ओवर का पूरा हाल

पहली गेंद - राजपक्षे ने इस गेंद पर ऑनसाइड में खेलकर एक रन लिया। अब 5 गेंदों में 6 रनों की जरूरत।

दूसरी गेंद - अर्शदीप के इस तेज गेंद पर शनाका के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और 1 रन मिल गया। अब 4 गेंदों में 5 रनों की जरूरत।

तीसरी गेंद - एक बार फिर अर्शदीप ने शानदार यॉर्कर गेंद की लेकिन राजपक्षे ने इस पर डीप मिडविकेट में खेलते हुए 2 रन ले लिए। अब 3 गेंदों में 3 रनों की जरूरत।

चौथी गेंद - लेग स्टंप की इस गेंद पर अंदरूनी किनारा लगा और बैकवर्ड पोइंट दिशा में गई इस गेंद पर राजपक्षे ने 1 रन ले लिया। अब 2 गेंदों में 2 रन चाहिए। मैच रोमांचक हुुआ। अर्शदीप की शानदार गेंदबाजी।

पांचवीं गेंद - इस बार अर्शदीप ने शॉर्ट गेंद रखी जो शनाका की पहुंच से बाहर रही। वो इस पर शॉट नहीं खेल सके और गेंद सीधे विकेटकीपर पंत के हाथों में गई। तब तक बल्लेबाज रन के लिए दौड़ पड़े थे। पंत ने विकेटों पर निशाना साधा लेकिन चूक गए। गेंद सीधे पिच के बीच में खड़े अर्शदीप के पास गई, अर्शदीप ने दूसरे छोर पर निशाना साधा और वो भी चूक गए। दोनों ही छोर पर बल्लेबाज क्रीज से दूर था और पंत-अर्शदीप रन आउट से चूक गए। ओवरथ्रो पर बल्लेबाजों ने दूसरा रन भी दौड़ लिया और श्रीलंका ने मैच जीत लिया।

भानुका राजपक्षे ने 17 गेंदों में नाबाद 25 रन और कप्तान दासुन शनाका ने नाबाद 33 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही श्रीलंका ने सुपर-4 के अपने दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। जबकि भारत ने अपने दोनों मैच अब तक गंवा दिए हैं। पहले पाकिस्तान के खिलाफ और अब श्रीलंका के खिलाफ। फाइनल में पहुंचने की राह भारत के लिए अब बहुत मुश्किल हो चुकी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर