सेना में 'जवान' के बाद 'किसान' बनने में जुटे एमएस धोनी, वायरल हुआ [VIDEO]

Cricketer MS Dhoni turn farmer: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सेना में जवान की भूमिका निभाने के बाद अपने फॉर्महाउस में किसान बने नजर आ रहे हैं। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

MS Dhoni
MS Dhoni 
मुख्य बातें
  • 11 महीने से धोनी है क्रिकेट के एक्शन से दूर, परिवार के साथ गुजार रहे हैं वक्त
  • धोनी लॉकडाउन के दौरान अपने फॉर्महाउस में ऑर्गेनिक फॉर्मिंग पर काम कर रहे हैं
  • इसी दौरान ट्रैक्टर चलाकर खेत जोतते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा है वायरल

रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी तकरीबन 11 महीने से क्रिकेट के एक्शन से दूर हैं। हालांकि मार्च में वो आईपीएल 2020 की तैयारी के मद्देनजर चेन्नई सुपर किंग्स के कैंप में नजर आए थे। लेकिन कोरोना वायरस के कहर ने उनके मैदान में वापसी के अरमानों पर पानी फेर दिया। पिछले तीन महीने से चल रहे लॉकडाउन के कारण धोनी रांची में अपने फॉर्म हाउस में वक्त गुजार रहे हैं। वहां वो बेटी जीवा के साथ खेलते दिखते हैं तो कभी गार्डनिंग करते। 

पिछले कुछ दिनों से वो एक नए अवतार में नजर आ रहे हैं। धोनी ने लॉकडाउन के बीच ही एक नया ट्रैक्टर खरीदा है। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। भारतीय सेना के लिए जवान की भूमिका अदा करने के बाद धोनी अब किसान की भूमिका में नजर आ रहे हैं। धोनी के फैन पेज ने एक नया वीडियो साझा किया है जिसमें वो ट्रैक्टर चलाकर खेत जोतते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उनके फॉर्म हाउस का है जहां वो क्रिकेट के मैदान से दूर खेतों में ऑर्गेनिक फार्मिंग करना सीख रहे हैं।  

विश्व कप 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच के बाद से धोनी ने लंबे समय तक खुद को टीम इंडिया में चयन के लिए अनुपलब्ध रखा। वो विश्व कप के बाद भारतीय सेना के साथ ट्रेनिंग पूरी करने के लिए जुड़ गए। इसके बाद परिवार के साथ वक्त गुजारा। आईपीएल 2020 में धमाकेदार प्रदर्शन करके उनकी नजर टीम इंडिया में टी20 विश्व कप 2020 के लिए वापसी करने पर थी लेकिन ऐसा हो नहीं सका।

कोरोना के कारण ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले जाने वाले विश्व कप पर भी संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। आईसीसी जुलाई में इसके भविष्य के बारे में फैसला करेगी। अगर विश्व कप रद्द होता है तो अक्टूबर नवंबर के बीच भारतीय प्रशंसकों को आईपीएल का लुत्फ उठाने का मौका मिल सकता है। ऐले में धोनी को मैदान में वापसी करता देखने के लिए उनके प्रशंसकों को लंबा इंतजार नहीं करना होगा। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर