IND vs SL: टीम इंडिया को बहुत याद आएगी धोनी की 'चीते' जैसी फुर्ती, विकेट के पीछे शिकार का बेजोड़ रिकॉर्ड

India vs Sri Lanka Records: भारत और श्रीलंका की सीमित ओवरों की सीरीज में टक्कर होगी। सीरीज से पहले आइए आपको धोनी के एक बड़े रिकॉर्ड के बारे में बताते हैं।

MS Dhoni
एमएस धोनी (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • टीम इंडिया का श्रीलंका दौरा 2021
  • भारत बनाम श्रीलंका मैच रिकॉर्ड
  • धोनी शिकार के मामले में आगे

भारत और श्रीलंका की टीम सीमित ओवरों की सीरीज (तीन वनडे और तीन टी20) में भिड़ने को तैयार हैं। 13 जुलाई को पहला वनडे खेला जाएगा। श्रीलंका दौरे पर विराट कोहली, रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी नहीं होंगे। यह सभी इंग्लैंड दौरे पर हैं। वहीं, श्रीलंका में भारत की अगुवाई शिखर धवन करेंगे। टीम में ज्यादतर युवा खिलाड़ी हैं, उसके बावजूद भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है। हालांकि, टीम इंडिया को पूर्व भारतीय दिग्गज विकेटकीपर एमएस धोनी की याद बहुत आएगी, क्योंकि श्रीलंका के खिलाफ माही की फूर्ती गजब की रहती थी।

विकेट के पीछे शिकार का बेजोड़ रिकॉर्ड

यह तो जगजाहिर है कि धोनी अपने दौर में टीम के लिए फिनिशर के साथ-साथ विकेट के पीछे भी काफी उपयोगी साबित होते थे। उन्होंने कई बार बतौर विकेटकीपर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेला। धोनी ने श्रीलंका के विरुद्ध भी अनेक मौकों पर अपनी ​'चीते' जैसी फुर्ती दिखाई। उनका विकेट के पीछे शिकार करने का बेजोड़ रिकॉर्ड है। वह भारत-श्रीलंका के बीच वनडे में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर हैं। उन्होंने 67 वनडे मैचों में 96 शिकार किए। उन्होंने 71 कैच लपके और 25 स्टंप किए। उनके बाद दूसरे नंबर पर कुमार संगाकारा हैं, जिन्होंने 76 मैचों में 75 शिकार किए। उन्होंने 65 कैच पकड़े और 10 स्टंप आउट किए।

अन्य विकेटकीपर 30 के पार नहीं जा सके

धोनी और संगाकारा को छोड़ दें तो भारत या फिर श्रीलंका का कोई भी विकेटकीपर शिकार के मामले 30 का आंकड़ा पार नहीं कर सका है। श्रीलंका के रमेश कालूवितरने (29 शिकार) तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 22 को कैच और 7 को स्टंप आउट किया। भारत के नयन मोंगिया चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने 27 मैच खेले और 22 शिकार किए। मोंगिया ने 19 कैच पकड़े और 6 को स्टंप किया। वहीं, राहुल द्रविड़ लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने 46 मैचों की 10 पारियों में 12 शिकार किए। द्रविड़ ने 9 कैच लपके जबकि 3 स्टंप आउट किए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर