रांची के लड़के ने उड़ाया गर्दा, आईपीएल नीलामी में युवराज सिंह के बाद सबसे महंगे भारतीय बने ईशान किशन

Ishan Kishan: पिछले चाल साल तक मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते हुए टीम इंडिया में एंट्री करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन फिर से मुंबईया पलटन में खेलते नजर आएंगे। उन्हें टीम में शामिल करने के लिए मुंबई ने अपना खजाना खोल दिया।

Ishan-Kishan
ईशान किशन 
मुख्य बातें
  • साल 2016 में गुजरात लॉयन्स के साथ खेलते हुए ईशान किशन ने की थी आईपीएल करियर की शुरुआत
  • 5.5 करोड़ रुपये में मुंबई इंडियन्स ने साल 2018 में किया अपनी टीम में शामिल
  • इस बार मुंबई ने ईशान को अपनी टीम में शामिल करने के लिए खोल दिया खजाना

बेंगलुरु: टीम इंडिया के लिए पदार्पण कर चुके 23 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का साथ मुंबई इंडियन्स ने नीलामी से पहले छोड़ दिया था। चार साल पहले साल 2018 में 5.5 करोड़ रुपये की कीमत पर मुंबई ने ईशान को अपनी टीम में जगह दी थी। ऐसे में टीम इंडिया के उभरते स्टार को मुंबई इंडियन्स ने 15.25 करोड़ रुपये खर्च करके एक बार फिर टीम में शामिल किया है। ईशान 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइज के साथ नीलामी में उतरे थे।

ईशान युवराज सिंह के बाद आईपीएल नीलामी में सबसे बड़ी राशि में नीलाम होने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वो अपने बेस प्राइज की लगभग आठ गुना कीमत हासिल करने में सफल रहे। पहली बार मुंबई इंडियन्स ने किसी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने के लिए नीलामी में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं। 

गुजरात लॉयन्स के साथ की थी आईपीएल करियर की शुरुआत
ईशान किशन के आईपीएल करियर की शुरुआत साल 2016 में गुजरात लॉयन्स के साथ हुई थी। गुजरात ने उन्हें 35 लाख रुपये की कीमत में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। अंडर-19 टीम के कप्तान रहे ईशान पहले सीजन में खेले 5 मैच की 5 पारी में कुल 42 रन बना सके थे। 2017 में उनके प्रदर्शन में थोड़ा सुधार हुआ और वो 11 मैच में 277 रन बनाने में सफल हुए।

5.5 करोड़ में मुंबई ने अपनी टीम में किया था शामिल
साल 2018 में हुई नीलामी में मुंबई इंडियन्स ने ईशान को 5.5 करोड़ रुपये खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया था। 2018 में मुंबई के लिए खेले 14 मैच में उन्होंने 27.7 की औसत से 277 रन बनाए। लेकिन 2019 में उन्हें केवल 7 मैच खेलने का मौका मिला जिसमें वो 16.83 के सामान्य औसत से 101 रन बना सके। 

2020 में रहे मुंबई के सबसे सफल बल्लेबाज
कोरोना संकट के बीच साल 2020 ईशान के लिए करियर बदलने वाला साबित हुआ। यूएई में आयोजित सीजन में टीम के लिए सबसे सफल बल्लेबाज बनकर उभरे, उन्होंने 57.33 की औसत से 516 रन बनाए और टीम की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया। इस प्रदर्शन के बाद उनके लिए टीम इंडिया के दरवाजे भी खुल गए। 

ऐसा है टी20 रिकॉर्ड 
टीम इंडिया के लिए 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेलते हुए ईशान कुल 201 रन बना सके हैं। लेकिन उनका टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वो अबतक खेले 110 टी20 मैच की 104 पारियों में 28.39 की औसत और 133.56 के स्ट्राइक रेट से 2726 रन बना चुके हैं। जिसमें 2 शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाज 113* रन रहा है।  

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर