25 साल लग गए आते-आते और जब आया तो तूफान लेकर, जानिए कौन हैं एजाज पटेल

Ajaz Patel in India vs New Zealand Mumbai Test: न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल भारत के खिलाफ मुंबई टेस्ट में शानदार गेंदबाजी कर छा गए हैं। उनकी जमकर चर्चा हो रही है।

Who is Ajaz Patel
एजाज पटेल  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • भारत बनाम न्यूजीलैंड मुंबई टेस्ट
  • एजाज पारी में 10 विकेट छा गए हैं
  • उन्होंने 2018 में करियर शुरू किया

भारत और न्यूजीलैंड की दूसरे टेस्ट में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भिड़ंत हो रही है। पहले दिन (4 विकेट) के बाद दूसरे दिन (6 विकेट) भी न्यूजीलैंड के स्पिनर एजाज पटेल की जमकर चर्चा हो रही है। पटेल ने शनिवार को ऐसा कारानामा अंजाम दे डाला, जिसका हर गेंदबाज सपने देखता है। दरअसल, कीवी स्पिनर ने टेस्ट की एक पारी में 10 विकेट लेने का कमाल किया है। वह ऐसा करने वाले दुनिया में तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले इंग्लैंड के जिम लेकर और भारत के अनिल कुंबले ही इस उपलब्धि को अपने नाम कर सके थे।

कौन हैं एजाज पटेल?

33 वर्षीय एजाज पटेल भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं। उनका जन्म 21 अक्टूबर, 1988 को मुंबई में हुआ था। उनका परिवार लंबे अरसे पहले न्यूजीलैंड में शिफ्ट हो गया था। जब एजाज का परिवार न्यूजीलैंड में रहने के लिए गए  तब स्पिनर की उम्र महज 8 साल थी। उन्होंने वहां क्रिकेट खेलना शुरू किया और खुद को साबित करने के लिए ऐड़ी-चोटी का जोर लगा दिया। एजाज ने धीरे-धीरे प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 68 प्रथम श्रेणी मैचों में 251 विकेट चटकाए।

हालांकि, एजाज पटेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना हुनर दिखाने का मौका हासिल करने में काफी समय लगा। उन्होंने अक्टूबर 2018 में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और उसी साल नवंबर में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया। उन्होंने पहले टेस्ट में 7 विकेट लेकर सनसनी मचा दी। उन्होंने मैच की पहली पारी में दो और दूसरी पारी में 5 विकेट लिए। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह  11 टेस्ट की 19 पारियों में 30 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने 7 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों 11 विकेट हासिल कए हैं।

25 साल बाद  तूफान लेकर लौटे

एजाज भले ही छोटी उम्र में न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गए सेकिन जब 25 साल के बाद मुंबई में अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरे तो अपनी धारदार गेंदबाजी से तूफान ला दिया। एजाज ने अपने जन्मस्थान मुंबई में गेंदबाजी कर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को को हैरान कर दिया है। उनके मुंबई कनेक्शन की सोशल मीडिया पर काफी बाते हों रही हैं। लोग भारतीय मूल के खिलाड़ी के प्रदर्शन को सराह रहे हैं। 


 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर