आज के दिन: रोहित शर्मा ने किया था 'लंका दहन', बना डाला ऐसा रिकॉर्ड, जिसका टूटना नामुमकिन

Rohit Sharma: 6 साल पहले रोहित शर्मा ने आज ही के दिन रिकॉर्ड से भरी हुई पारी खेली थी। हिटमैन ने श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए वनडे का सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर बनाया था।

rohit sharma 264 run
रोहित शर्मा 264 रन 
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा ने आज के दिन वनडे का सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर बनाया था
  • रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 264 रन की पारी खेली थी
  • रोहित शर्मा जब 4 रन बनाकर खेल रहे थे, तब उन्‍हें जीवनदान मिला था

कोलकाता: आज के दिन 2014 में भारतीय ओपनर रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट का सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर बनाया था। हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में 173 गेंदों में 264 रन बनाए थे। 50 ओवर के अंतरराष्‍ट्रीय मैच में यह अब तक का सर्वश्रेष्‍ठ व्‍यक्तिगत स्‍कोर है। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज जब 4 रन बनाकर खेल रहे थे, तब उन्‍हें जीवनदान मिला था।

इस गलती का परिणाम श्रीलंका को भुगतना पड़ा और रोहित शर्मा ने वनडे इतिहास की सबसे यादगार पारी खेली। बता दें कि यह पांच मैचों की सीरीज का चौथा वनडे था। रोहित शर्मा ने अपनी पारी में 33 चौके और 9 छक्‍के जड़े थे। इसकी मदद से टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 404 रन बनाए थे। रोहित शर्मा की पारी का अंत नुवान कुलसेकरा ने किया था। वह पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए थे।

भारतीय टीम ने दर्ज की विशाल जीत

इसके बाद भारतीय टीम ने श्रीलंका को 251 रन पर ऑलआउट किया और 153 रन के विशाल अंतर से मैच अपने नाम किया। पता हो कि अब तक वनडे में सिर्फ 8 बार बल्‍लेबाजों के नाम 200 या ज्‍यादा रन की पारी दर्ज है। रोहित शर्मा ने तीन बार दोहरा शतक जमाया है। 264 रन की पारी के अलावा रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ 2017 में मोहाली में 208 रन और 2013 में ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ अपने वनडे करियर का पहला दोहरा शतक जमाया था। तब उन्‍होंने 158 गेंदों में 209 रन बनाए थे।

महान सचिन तेंदुलकर दुनिया में दोहरा शतक जमाने वाले पहले बल्‍लेबाज बने थे। उन्‍होंने 24 फरवरी 2010 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्‍वालियर के मानसिंह स्‍टेडियम में यह कमाल किया था। हाल ही में रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस ने रिकॉर्ड पांचवीं बार आईपीएल खिताब जीता। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2020 के फाइनल में दिल्‍ली कैपिटल्‍स को पांच विकेट से मात दी थी।

रोहित शर्मा का पूरा ध्‍यान अब ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज में लगा है, जो 17 दिसंबर से शुरू होगी। इस बीच वह नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रीहैब करेंगे ताकि अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर सके। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पहले रोहित शर्मा को ऑस्‍ट्रेलिया दौरे में किसी भी टीम में चुना नहीं गया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर