दूसरे टी20 में पथुम निशंका और कप्तान दसुन शनाका ने मचाया कहर, अखिरी 5 ओवर में जोड़े ताबड़तोड़ 80 रन 

भारत के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 में श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निशंका और कप्तान दसुन शनाका ने चौको-छक्कों की बारिश अंतिम 5 ओवरों में कर दी।

Pathum-Nissanka-and-Dasun-Shanaka
पथुम निशंका और दसुन शनाका( साभार ICC)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • कप्तान दसुन शनाका और पथुम निशंका ने आखिरी 5 ओवर में जोड़े 80 रन
  • कप्तान शनाका ने खेली 19 गेंद में 47 रन की धमाकेदार पारी, जड़े पांच गगनचुंबी छक्के
  • पथुम निशंका ने 53 गेंद में बनाए 75 रन, पारी में जड़े 11 चौके

धर्मशाला: भारत के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेले जा रहे दूसरे मैच में भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और अपनी टीम को 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन का स्कोर खड़ा किया। 

पहले मैच में पहली ही गेंद पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट होने वाले पथुम निशंका ने इस बार धनुष्का गुणाथिलके के साथ मिलकर अपनी टीम को धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। भारतीय टीम को पहली सफलता के लिए 9वें ओवर की चौथी गेंद का इंतजार करना पड़ा। 

रवींद्र जडेजा के नौवें ओवर में गुणाथिलका ने हमला बोला और लगातार तीन गेंद में एक छक्का और दो चौकों की मदद से 14 रन जोड़ लिए थे लेकिन अगली गेंद पर वो बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वेंकटेश अय्यर के हाथों लपके गए। उन्होंने 29 गेंद में 38 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के जड़े।

सस्ते में गंवाए मध्यक्रम के तीन विकेट 
गुणाथिलका के आउट होने के बाद  चरिथ असलंका(2), कामिल मिसरा(1) और दिनेश चांदीमल(9) जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए। ऐसे में कप्तान दसुन शनाका ने पथुम निशंका के साथ मिलकर मैदान पर चौकों छक्कों की बारिश कर दी। निशंका जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तब श्रीलंका ने 14.4 ओवर में 4 विकेट पर 104 रन बना लिए थे। निशंका 41 गेंद में 48 रन बनाकर खेल रहे थे।

पांचवें विकेट के लिए जोड़े 26 गेंद में 58 रन
ऐसे में दोनों बल्लेबाजों ने मोर्चा संभाला। 16वें ओवर में 43 गेंद पर निशंका ने सात चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने एक छोर थामे रखा और दूसरे छोर कप्तान दसुन शनाका ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोल दिया। दोनों ने 22 गेंद में पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की।  तेजी से रन बनाने की कोशिश कर रहे पथुम निशंका 160 के स्कोर पर 53 गेंद पर 75 रन बनाकर 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। इसी के साथ ही शनाका और निशंका के बीच 26 गेंद पर 58 रन की साझेदारी हुई। 

दसुन शनाका ने 247.36 के स्ट्राइक रेट से बनाए रन  
पारी के अंतिम ओवर में शनाका ने हर्षल पटेल के ओवर पर चौकों छक्कों की बारिश की और 23 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन तक पहुंचा दिया। निशंका और शनाका ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अंतिम 5 ओवर में 80 रन जोड़े। वहीं अंतिम चार ओवर में 72 रन बनाए।  कप्तान दसुन शनाका ने कप्तानी पारी खेलते हुए 19 गेंद में 47 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के जड़े। उन्होंने 247.36 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।  
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर