हिटमैन रोहित शर्मा ने फिर जड़ा छक्कों का दोहरा शतक, बनाया नया विश्व रिकॉर्ड 

आतिशी बल्लेबाजी के लिए दुनियाभर में विशिष्ट पहचान रखने वाले हिटमैन रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

Rohit Sharma
रोहित शर्मा( साभार BCCI)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जड़े हैं कुल 426 छक्के
  • वनडे में 244, टी20 में 127 और टेस्ट में रोहित ने जड़े हैं 57 छक्के
  • सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय छक्के जड़ने के मामले में तीसरे पायदान पर हैं रोहित शर्मा

चेन्नई: इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन हिटमैन रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए करियर का 7वां शतक पूरा किया। रोहित ने तेज गति से रन बनाते हुए पारी के 42वें ओवर में 130 गेंद पर अपना शतक 14 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। रोहित ने ये पारी उस वक्त खेली जब भारत ने ने शुभमन गिल(0), चेतेश्वर पुजारा(21) और विराट कोहली(0) के विकेट गंवा दिए थे। 

घर पर 200 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय
बल्लेबाजी के आतिशी अंदाज के लिए अगल पहचान रखने वाले रोहित ने जैसे ही अपनी पारी के दौरान दूसरा छक्का जड़ा वो घरेलू सरजमीं पर 200 अंतरराष्ट्रीय छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। रोहित ने यह उपलब्धि भारत में 123वीं पारी खेलते हुए हासिल की। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल और ब्रेंडन मैकुलम और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। 

तोड़ा मार्टिन गप्टिल का रिकॉर्ड
रोहित इस मुकाम पर सबसे तेज गति से पहुंचने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित ने घर पर 123वीं अंतरराष्ट्रीय पारी खेलते हुए ये विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड कीवी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल के नाम दर्ज था। उन्होंने 161 पारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 छक्के पूरे किए थे। जबकि ब्रैंडन मैकुलम ने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए 192 और क्रिस गेल ने 217 पारी खेली थी। 



ऐसा है इंटरनेशनल क्रिकेट में छक्के जड़ने का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अबतक कुल 426 छक्के जड़े हैं। उन्होंने वनडे में 244, अंतरराष्ट्रीय टी20 में 127 और टेस्ट क्रिकेट में 57 छक्के जड़े हैं। वो भारत के लिए सबसे ज्याद अंतरराष्ट्रीय छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी हैं। विश्व में हिटमैन से ज्यादा छक्के क्रिस गेल(534) और शाहिद अफरीदी(476) ने जड़े हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर