रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ की आतिशी बल्लेबाजी, तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलकर एमएस धोनी का एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Rohit-Sharma-vs-Pakistan
रोहित शर्मा  |  तस्वीर साभार: AP

दुबई: पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में रविवार को सुपर फोर के मुकाबले में रोहित शर्मा ने धमाकेदार शुरुआत करते हुए 16 गेंद में 28 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के जड़े। जैसे ही रोहित ने अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ा वो एमएस धोनी को पीछे छोड़कर एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले कप्तान बन गए हैं। रोहित के नाम एशिया कप में 17 छक्के हो गए हैं। वहीं एमएस धोनी ने एशिया कप में 16 छक्के जड़े थे। 

सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में पहुंचे दूसरे पायदान पर
एशिया कप में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में पहले पायदान पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी हैं। अफरीदी ने एशिया कप में कुल 26 छक्के जड़े हैं। इस सूची में रोहित शर्मा 23 छक्के के साथ साझा रूप से दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के पूर्व दिग्गज सनथ जयसूर्या ने भी एशिया कप में 23 छक्के एशिया कप में जड़े थे। इस सूची में चौथे पायदान पर 18 छक्कों के साथ भारत के सुरेश रैना और पांचवें पर 16 छक्कों के साथ एमएस धोनी हैं। 

पहले विकेट के लिए की 54 रन की साझेदारी
रविवार को भारत को सुपर फोर के मुकाबले में रोहित शर्मा और केएल राहुल की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने 4.2 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया और 5.1 ओवर में 54 रन की साझेदारी पहले विकेट के लिए की। रोहित के छठे ओवर की पहली गेंद पर आउट होते ही यह साझेदारी टूट गई। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर