रोहित शर्मा ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का एशिया कप का बड़ा रिकॉर्ड 

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने सचिन तेंदुलकर का सबसे ज्यादा बार एशिया कप में खेलने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Babar-Azam-Rohit-Sharma
बाबर आजम और रोहित शर्मा  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • सातवीं बार एशिया कप में शिरकत कर रहे हैं रोहित शर्मा
  • बने सबसे ज्यादा बार एशिया कप में खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी
  • तोड़ा सचिन तेंदुलकर का सालों पुराना रिकॉर्ड

दुबई: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टॉस के लिए मैदान में उतरते ही सचिन तेंदुलकर का एशिया कप का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित एशिया कप में सबसे ज्यादा बार शिरकत करने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित सातवीं बार एशिया कप में खेले रहे हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 6 बार एशिया का विश्व कप माने जाने वाले टूर्नामेंट में शिरकत की थी। 

निशाने पर है एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
रोहित शर्मा के निशाने पर सचिन तेंदुलकर का एशिया कप मे सबसे अधिक रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड भी है। सचिन ने 6 बार एशिया कप में शिरकत करते हुए खेले 21 पारियों में 971 रन 51.50 के औसत से बनाए थे। इसमें दो शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। रोहित शर्मा अबतक एशिया कप में 26 पारियों में कुल 883 रन बना चुके हैं। सचिन को पीछे छोड़ने के लिए उन्हें 89 रन की दरकार है। अगर उनका बल्ला चला तो लीग दौर में ही सचिन को पीछे छोड़कर एशिया कप में सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

टीम इंडिया को बनाने उतरे हैं आठवीं बार एशिया का बादशाह 
भारतीय टीम सात बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। रोहित शर्मा आठवीं बार टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के इरादे से यूएई पहुंचे हैं। पिछली बार भी भारतीय टीम उनकी कप्तानी में चैंपियन बनी थी। ऐसे में रोहित के लिए कई मायनों में एशिया कप का 15वां संस्करण यादगार बनने वाला है। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर