IND vs SA: यूं ही चौके-छक्कों के 'उस्ताद' नहीं रोहित शर्मा, द. अफ्रीका के खिलाफ 7 साल से कायम है ये धांसू रिकॉर्ड

India vs South Africa T20I Record: भारत और दक्षिण अफ्रीका की जल्द ही टी20 सीरीज में भिड़ंत होने वाली है। आइए सीरीज से पहले एक दिलचस्प रिकॉर्ड पर नजर डालते हैं।

Rohit Sharma
रोहित शर्मा  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • दक्षिण अफ्रीका का भारत दौरा 2022
  • दोनों टीम टी20 सीरीज में टकराएंगी
  • अगले हफ्ते सीरीज का आगाज होगा

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 9 जून से पांच टी20 मैचों की सीरीज का आगाज होने जा रहा है। सीमित ओवरों की इस सीरीज में नियमित कप्तान रोहित शर्मा की जगह केएल राहुल टीम इंडिया की अगुवाई करेंगे। रोहित को आईपीएल 2022 के लंबे अभियान के बाद आराम दिया गया है। रोहित भले ही सीरीज का हिस्सा ना हों लेकिन उनके बनाए एक रिकॉर्ड पर क्रिकेट फैंस की नजरें होंगी।

7 साल से कायम है ये धांसू रिकॉर्ड

'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित खड़े-खड़े दमदार चौके और छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई ताबड़तोड़ पारियां खेलीं है। उन्होंने ऐसी ही एक पारी 2 जून, 2015 को धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 मैच में खेली और धांसू रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने इस मैच में 66 गेंदों में 106 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 12 चौके और 5 छक्के ठोके। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक था। 

बता दें कि रोहित शतकीय पारी के बाद भारत और दक्षिण अफ्रीका के दरम्यान टी20 में एक पारी में चौकों और छक्कों से सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पारी में गेंद को सीमा रेखा के पार भेजकर कुल 78 रन जोड़े, जिसमें चौकों से 48 और छक्कों से 30 रन जुटाए। यह रिकॉर्ड करीब सात साल से कायम है। ऐसे में आगामी सीरीज में ह देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या कोई बल्लेबाज रोहित के रिकॉर्ड को तोड़ पाएगा?

रोहित के बाद इन खिलाड़ियों का नंबर

दोनों टीमों के बीच एक पारी में चौकों और छक्कों से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना हैं। रैना ने 2 मई, 2010 को दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध 60 गेंदों में 101 रन बनाए थे। उन्होंने पारी में बाउंड्री (9 चौके और 5 छक्के) के जरिए कुल 66 रन हासिल किए। वहीं, फेहिरस्त में तीसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन हैं, जिन्होंने 21 फरवरी, 2018 को भारत के सामने 30 गेंदों में 69 रन बनाए थे। क्लासेन ने अपनी पारी में 3 चौकों और 7 सिक्स से 54 रन बटोरे थे। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर