'हिटमैन' रोहित शर्मा ने अब खुद बताया कि वो किस तरह के कप्तान हैं

Rohit Sharma on his captaincy: टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा अब हर प्रारूप में शीर्ष जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली बड़ी जीत के बाद रोहित ने खुद बताया कि वो किस तरह के कप्तान हैं।

Indian captain Rohit Sharma
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने एक और सीरीज जीती
  • इस बार सबसे लंबे प्रारूप में रोहित की अगुवाई में टीम इंडिया ने किया क्लीन स्वीप
  • श्रीलंका के खिलाफ जीत के बाद रोहित शर्मा ने खुद बताया वो किस तरह के कप्तान हैं

नई दिल्लीः पिछले कुछ महीनों में भारतीय क्रिकेट में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, फिर चाहे वो कोई भी प्रारूप हो। इसमें सबसे बड़ा बदलाव है कप्तान का। पूर्व कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री की जोड़ी के युग का अंत हुआ। तो अब रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ के युग की शुरुआत हुई। रोहित-द्रविड़ के युग का आगाज भी अच्छा ही रहा है और धीरे-धीरे फिर से टीम रफ्तार पकड़ती दिख रही है। कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली को लेकर हमेशा तुलना होती रहती है। कई लोग ये सवाल पूछते हैं कि आखिर रोहित किस तरह के कप्तान हैं? अब उन्होंने खुद इसका जवाब दिया है।

भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट में सोमवार को टीम इंडिया ने 238 रनों से विशाल जीत दर्ज की और रोहित की कप्तानी में पहली बार किसी टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप भी कर दिया। इस जीत के बाद रोहित शर्मा जब मीडिया से मुखातिब हुए तो उनसे कई तरह के सवाल पूछे गए। इसी में एक सवाल था उनकी कप्तानी और कप्तान के रूप में उनकी सोच व रणनीति से जुड़ा।

वनडे और टी20 के बाद अब टेस्ट में भी रोहित कप्तान हैं। टेस्ट कप्तानी  को लेकर जब रोहित से सवाल हुआ तो उन्होंने कहा, ‘‘टीम में कुछ सीनियर खिलाड़ी हैं जो खेल को बखूबी समझते हैं और अपनी राय देते हैं। मेरी अपनी समझ है। कप्तानी के मामले में मेरा फलसफा यही है कि उस समय जो सही लगे, वही फैसला लो। मैं मैदान पर ही हालात का आकलन करता हूं।’’

जब धोनी ने कप्तानी छोड़ी थी और विराट कोहली ने ये जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली थी, तब भी विराट और धोनी के बीच काफी तुलना हुई थी क्योंकि दोनों की कप्तानी का अंदाज एक दूसरे से बिल्कुल अलग था। अब ऐसा ही कुछ विराट कोहली और रोहित शर्मा की कप्तानी के अंदाज को लेकर हो रहा है। फिलहाल रोहित के लिए चीजें सही चलती नजर आ रही हैं। आईपीएल में वो सबसे सफल कप्तान रहे हैं, देखना दिलचस्प होगा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वो कप्तान के रूप में क्या रिकॉर्ड्स बना पाते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर