IPL 2021 Auction: सचिन तेंदुलकर ही नहीं, इन पूर्व क्रिकेटर्स के बेटे भी आईपीएल नीलामी में उतरेंगे

Indian Premier League Auction 2021: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 की नीलामी में अब कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। इस नीलामी में कई पूर्व क्रिकेटर्स के बेटों का नाम भी शामिल है।

Sachin Tendulkar Arjun Tendulkar
सचिन तेंदुलकर और अर्जुन तेंदुलकर 

आईपीएल के 14वें सीजन के लिए 18 फरवरी को चेन्नई में नीलामी होगी। आईपीएल 2021 की नीलामी का फैंस को काफी बेसब्री से इंतजार है। नीलामी में ज्यादातर मशहूर खिलाड़ियों पर नजर रहती है, लेकिन इस बार लोगों की निगाहें कई पूर्व क्रिकेटर्स के बेटों पर भी होंगी। भारत के तीन पूर्व क्रिकेटर्स के बेटे आईपीएल नीलामी में उतरेंगे, जिनकी जमकर चर्चा हो रही है। आइए आपको इन पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के बेटों के बारे में बताते हैं। 

अर्जुन तेंदुलकर

arjun tendulkar

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने आईपीएल नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान 21 वर्षीय अर्जुन को मुंबई की सीनियर टीम में शामिल किया गया था और उन्होंने हरियाणा के खिलाफ डेब्यू किया था। इसके अलावा उन्होंने पुदुचेरी के खिलाफ भी एक मैच खेला था। दो मैच में उन्होंने 2 विकेट हासिल किए थे। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन का बेस प्राइस 20 लाख रुपए है। 

नयन दोशी
 

42 वर्षीय नयन दोशी पूर्व भारतीय स्पिनर दिलीप दोषी के बेटे हैं। नयन अपने पिता की तरह स्पिनर हैं। वह आईपीएल नीलामी में हिस्सा लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए है। नयन आईपीएल के दो सीजन 2010 और 2011 में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्क्वॉड में शामिल रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में कुल 2 विकेट झटके हैं। नयन ने 70 फर्स्ट क्लास, 74 लिस्ट ए और 52 टी20 घरेलू मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 166,  64 और 68 विकेट अपने नाम किए।

सादिक किरमानी

भारत के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर सैयद किरमानी के बेटे सादिक किरमानी नीलामी में उतरेंगे। 31 वर्षीय सादिक भी विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उनका बेस प्राइस 20 लाख है। सादिक का करियर कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने अब तक सिर्फ दो लिस्ट ए मैच मुकाबले खेले हैं। इन दो मैचों में सादिक ने 43.85 की स्ट्राइक रेट से 25 रन जुटाए। वहीं, विकेट के पीछे उन्होंने 3 कैच लपके और तीन स्टंप आउट किए। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर