शाई होप का नहीं थम रहा एशिया में बल्ला, खत्म की बाबर आजम की बादशाहत

शाई होप का बल्ला एशिया में लगातार आग उगल रहा है उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में शतकीय पारी खेलकर एक बड़ा एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

Shai Hope
Shai Hope  |  तस्वीर साभार: Twitter

कोलंबो: वेस्टइंडीज के युवा बल्लेबाज शाई होप का बल्ला एशियाई सरजमीं पर आते ही आग उगलने लगता है। शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैच के की सीरीज के पहले वनडे में पारी की शुरुआत करते हुए 140 गेंद में 115 रन का पारी खेली। यह उनके 4 साल लंबे वनडे करियर का 9वां शतक था। साल 2016 में श्रीलंका के खिलाफ हरारे में वनडे करियर का आगाज करने के बाद होप का करियर लगातार परवान चढ़ता गया। धीरे-धीरे वो टीम से सबसे विश्वसनीय बल्लेबाज बन गए।

तोड़ा बाबर आजम का रिकॉर्ड 

शनिवार को कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ 128 गेंद में करियर का 9वां वनडे शतक शाई होप ने पूरा किया। इस पारी के दौरान वो एशियाई सरजमीं पर सबसे तेज गति से 1 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने एशिया में एक हजार रन के आंकड़े को 15 पारियों में पार कर दिखाया। जबकि इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज बाबर आजम के नाम दर्ज था। बाबर ने 17 पारियों में एशियाई सरजमीं पर 1 हजार रन पूरे किए थे। ऐसे में एक गैर एशियाई बल्लेबाज का ये रिकॉर्ड अपने नाम करना अनोखी बात है। 

एशिया में जड़े हैं 6 शतक 

होप ने एशिया में अब तक कुल 15 मैच खेले हैं जिसकी 15 पारियों में उन्होंने 6 बार नाबाद रहते हुए 1113 रन  123.66    के धमाकेदार औसत और 78.38 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 146 रन रहा है। 6 शतकों में से 2 उन्होंने भारत, 2 बांग्लादेश और एक-एक अफगानिस्ता और श्रीलंका के खिलाफ जड़े हैं। एशियाई सरजमीं पर केवल उनका स्ट्राइकरेट ही सवालों के घेरे में है जो कि मॉर्डन क्रिकेट से कहीं मेल नहीं खाता। गैर एशियाई बल्लेबाजों में उनका औसत भी सबसे ज्यादा है। उन्होंने एशिया में जहां तकरीबन 124 के औसत से रन बनाए हैं। वहीं उनके बाद दूसरे पायदान पर काबिज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जॉर्ज बेली का 61 और फॉफ डुप्लेसी का 60 का औसत है। 

एशिया में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले गैर एशियाई बल्लेबाज 

एशियाई सरजमीं पर गैर एशियाई बल्लेबाजों के लिए शतक जड़ना आसान नहीं रहा है। लेकिन शाई होप धीरे-धीरे एशिया में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले गैर एशियाई बल्लेबाजों की सूची में मजबूत करते जा रहे हैं। वो इस मामले में अब केवल दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स(10) और यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल(8) से पीछे हैं। एशिया में 6 शतक के साथ फिलहाल वो नाथन एश्टल, मार्लन सैमुअल्स और रिकी पॉन्टिंग की बराबरी पर हैं। इन सभी ने एशिया में 6-6 शतक जड़े हैं। 

ओपनिंग ने बदली तकदीर 

शाई होप पारी की शुरुआत करते हुए ज्यादा घातक साबित होते हैं। अब तक खेले 76 वनडे में से 21 में उन्होंने टीम के लिए पारी की शुरुआत की है। जिसमें 98 के औसत और 81.77 के स्ट्राइक रेट से 1455 रन बनाए हैं। जिसमें 7 शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। 

एशिया में ऐसा रहा है प्रदर्शन

एशिया में पिछली 10 पारियों में होप ने 5 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। इस दौरान 5 बार वो नॉट आउट भी रहे हैं। एशिया में खेली कुल 15 पारियों में दो बार वो भारत के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल सके थे। शुरुआती 5 पारियों में वो एक शतक और एक अर्शशतक की बदौलत कुल 250 रन बना सके थे। ऐसे में अगले 750 रन बनाने के लिए उन्होंने केवल 10 पारियां खेलीं और 172.6 के औसत से 863 रन जमा डाले। ये हैं उनका एशिया में 15 पारियों में प्रदर्शन। (115,42,78,102*,109*,43,77*,108*,146*,43,0,0,95,123*,32 )

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर