डेब्यू टेस्ट में आजतक कोई भारतीय नहीं कर पाया, श्रेयस अय्यर ने वो कर दिखाया 

Shreyas Iyer first Indian debutant to score century and fifty in Same Match: श्रेयस अय्यर ने अपने डेब्यू टेस्ट में वो कारनामा कर दिखाया जो उनसे पहले और कोई भारतीय नहीं कर पाया। 

Shreyas-Iyer-kanpurt-test
श्रेयस अय्यर  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • अपनी डेब्यू टेस्ट पारी में श्रेयस अय्यर ने जड़े 105 रन
  • बने भारत के लिए डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने वाले 16वें भारतीय
  • पहले टेस्ट की दूसरी पारी में अर्धशतक जड़कर अय्यर ने रच दिया इतिहास

कानपुर: न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर में अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर ने दूसरी पारी में टीम को मुश्किल से उबराते हुए इतिहास रच दिया। अय्यर ने अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में शतक के बाद दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ने का अनोखा कारनामा कर दिखाया है। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे पहले ऐसा और कोई भारतीय नहीं कर सका। 

अय्यर ने ये उपलब्धि उस वक्त हासिल की जब टीम मुश्किल में थी और उसे उबारने की जिम्मेदारी उनके कंधे पर थी। अजिंक्य रहाणे के आउट होने के बाद जब वो बल्लेबाजी करने उतरे तब टीम इंडिया का स्कोर 41 रन पर 3 विकेट था। लेकिन उनके देखते-देखते स्कोर 51 रन पर 5 विकेट हो गया। ऐसे दबाव की स्थिति में अय्यर ने रविचंद्रन अश्विन और रिद्धिमान साहा के साथ साझेदारियां करते हुए न केवल टीम को उबरा बल्कि अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया।

109 गेंद में पूरा किया अर्धशतक
अय्यर ने लंच के बाद 109 गेंद में 5 चौके और 1 छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के साथ छठे विकेट के लिए 118 गेंद में 52 रन जोड़े। इसके बाद साहा के साथ 126 गेंद में 64 रन की अर्धशतकीय साझेदारी  की और टीम इंडिया को दूसरी पारी में 150 रन के पार पहुंचाया। 125 गेंद पर 65 रन बनाकर अय्यर टिम साउदी की गेंद पर विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 1 छक्का जड़ा। 

डेब्यू टेस्ट में दो 50+ पारियां खेलने वाले तीसरे भारतीय
श्रेयस अय्यर डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बनने से चूक गए। बावजूद इसके उन्होंने अपना नाम दिग्गजों के क्लब में दर्ज करा लिया। जिसमें उन्हें टेस्ट कैप देने वाले सुनील गावस्कर और दिलावर हुसैन जैसे खिलाड़ी का नाम है। दिलावर हुसैन ने साल 1934 में अपने डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया था। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय थे। उसके बाद साल 1971 में सुनील गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया था। लेकिन अय्यर पहली पारी में शतक जड़कर इन दो दिग्गजों से एक कदम आगे निकल गए हैं। 

भारतीय सरजमीं पर डेब्यू में शतक और अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी 
भारतीय सरजमीं पर अपने डेब्यू टेस्ट में शतक और अर्धशतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीय सरजमीं पर ये कारनामा पहली बार करने वाले खिलाड़ी वेस्टइंडीज के गार्डन ग्रीनीज थे। उन्होंने साल 1974 में भारत के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में 93 और दूसरी पारी में 160 रन बनाए थे। इसके बाद साल 2006 में इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज एलेस्टर कुक ने अपने डेब्यू टेस्ट में 60 और नाबाद 104* रन की पारी खेली थी। वहीं अय्यर ने अपने डेब्यू टेस्ट में 105 और 65 रन की पारी खेलने में सफल रहे हैं। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर