दसुन शनाका ने खेली आतिशी कप्तानी पारी,  श्रीलंका ने तीसरे टी20 में दी ऑस्ट्रेलिया को मात

श्रीलंका क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी टी20 में 4 विकेट से जीत दर्ज करके अपनी साख बचाने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की।  

Dasun-Shanaka-Chamika-Karunaratne
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 में जीत का जश्न मनाते दसुन शनाका और चमिका करुणारत्ने  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • श्रीलंका ने तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को दी 4 विकेट से मात
  • कप्तान शनाका ने खेली 25 गेंद में 54 रन की नाबाद पारी
  • श्रीलंका को आखिरी गेंद में चाहिए थे जीत के लिए 19 रन, शनाका ने कर दी जीत मुमकिन

कोलंबो: श्रीलंकाई क्रिकेट टीम शनिवार को ऑस्ट्रेलिया को सीरीज के तीसरे और आखिरी टी20 में 4 विकेट से मात देकर साख बचाने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 177 रन का लक्ष्य रखा था जिसे उसने कप्तान दसुन शनाका की 25 गेंद में 54 रन की नाबाद आतिशी पारी की बदौलत हासिल कर लिया। शनाका ने अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के जड़े।

फिंच-वॉर्नर ने दी ऑस्ट्रेलिया को तेज शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया। डेविड वॉर्नर और कप्तान आरोन फिंच की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया को तेज शुरुआत दी। लेकिन 43 के स्कोर पर फिंच 29(20) रन बनाकर महीष तीक्षणा की गेंद पर बोल्ड हो गए। उसके बाद वॉर्नर ने मैक्सवेल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। मैक्सवेल एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 9 गेंद पर 16 रन बनाकर वनिंदु हसरंगा की गेंद पर लपके गए। 10 ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट पर 85 रन बना लिए थे। 

ऑस्ट्रेलिया ने गंवाए लगातार तीन विकेट 
मैक्सवेल के आउट होने का बाद 11वें ओवर की पहली दो गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को दो झटके लगे।महीष तीक्षणा की पहली गेंद पर डेविड वॉर्नर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने 33 गेंद में 39 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जोस इंग्लिश रन आउट हो गए। इंग्लिस ने एक गेंद का सामना किया और अपना खाता भी नहीं खोल पाए। 

स्टीव स्मिथ और स्टोइनिस ने झटकों से उबारा
लगातार तीन गेंद पर तीन विकेट गंवाने का बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 10.2 ओवर में 85 रन पर 4 विकेट हो गया। ऐसे में स्टीव स्मिथ और मार्कस स्टोइनिस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने टीम को 12.3 ओवर में 100 रन के पार पहुंचाया। 133 के स्कोर पर स्टोइनिस प्रवीण जयाविक्रमा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। उन्होंने 23 गेंद में 38 रन बनाए। इसके साथ ही स्मिथ और स्टोइनिस के बीच 48 (34) रन की साझेदारी का अंत हो गया।

स्मिथ-वेड ने आखिर में 176 रन तक पहुंचाया 
स्टोइनिस के आउट होने के बाद मैथ्यू वेड और स्टीव स्मिथ ने तेजी से रन बनाए और टीम को 18.3 ओवर में 150 रन के पार पहुंचाया। दोनों ने  छठे विकेट के लिए 24 गेंद में 43 रन की नाबाद साझेदारी की और टीम को 20 ओवर में 5 विकेट पर 176 रन तक पहुंचा दिया। अंत में स्टीव स्मिथ 37(27) और मैथ्यू वेड 13(8) रन बनाकर नाबाद रहे। 

खराब रही श्रीलंका की शुरुआत 
जीत के लिए 177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को पहला झटका 25 के स्कोर पर धनुष्का गुणाथिलका के रूप में लगा। 12 गेंद में 15 रन बनाकर वो हेजलवुड की गेंद पर रिचर्डसन के हाथों लपके गए। इसके बाद पथुम निशंका और चरिथ असलंका ने श्रीलंका को 50 रन के पार पहुंचाया। लेकिन नौवें ओवर में 67 के स्कोर पर असलंका को स्टोइनिस ने फिंच के हाथों कैच करा दिया। असलंका ने 26(19) रन बनाए। 81 के स्कोर पर निशंका को भी स्टोइनिस ने कैच कराकर चलता कर दिया। उन्होंने 27(25) गेंद में बनाए। 

81 रन पर श्रीलंका ने गंवा दिए थे 3 विकेट
10.5 ओवर में 3 विकेट पर 81 रन बनाकर श्रीलंका मैच में बना हुआ था। लेकिन उसे 96 के स्कोर पर चौथा झटका भानुका राजपक्षे के रूप में लगा। राजपक्षे एश्टन एगर की गेंद पर 17(13) रन बनाकर एलबीडब्लू हो गए। इसके बाद कुशल मेंडिस भी 6(8) रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर बोल्ड हो गए। 

दसुन शनाका ने आखिर में संभाला मोर्चा
ऐसे मुश्किल वक्त में कप्तान दसुन शनाका ने मोर्चा संभाला। उन्होंने एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच वनिंदु हसरंगा 8(7) रन बनाकर झाय रिचर्डसन की गेंद पर फिंच के हाथों लपके गए। लेकिन चमिका करुणारत्ने ने अंत में अपने कप्तान का साथ नहीं छोड़ा और टीम को 19.5 ओवर में 4 विकेट से जीत दिलाकर वापस पवेलियन लौटे। 

आखिरी ओवर में श्रीलंका को चाहिए थे 19 रन 
आखिरी ओवर में जीत के लिए श्रीलंका को 19 रन बनाने थे। ऐसे में गेंदबाजी करने आए झाय रिटर्डसन ने शनाका के सामने लगातार दो व्हाइड गेंदों के साथ शुरुआत की। इसके बाद पहली सफल गेंद पर वो शनाका को स्ट्राइक से हटाने में सफल रहे। अगली गेंद पर करुणारत्ने लेग बाई के रूप में 1 रन लेने में सफल हुए और शनाका दोबारा स्ट्राइक पर आ गए। 

कप्तान शनाका ने पचासा जड़ एक गेंद रहते दिलाई जीत 
अब जीत के लिए श्रीलंका को 4 गेंद पर 15 रन बनाने थे। ऐसे में शनाका ने तीसरी गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंड की दिशा में चौका जड़ दिया। इसके बाद अगली गेंद को लॉन्ग ऑफ की दिशा में चौके के लिए भेज दिया। इसके बाद रिचर्ड्सन ने यॉर्कर डालने की नाकाम कोशिश की जिसे शनाका ने छक्के के लिए भेज दिया और इसके साथ ही स्कोर बराबर हो गया। छठी गेंद पर जीत के लिए एक रन श्रीलंका को बनाने थे लेकिन रिचर्ड्सन ने एक बार फिर व्हाइड गेंद फेंकी और इसके साथ ही मैच श्रीलंका ने 4 विकेट से अपने नाम कर लिया।

शनाका चुने गए मैन ऑफ द मैच
श्रीलंका की टीम पहले दो मैचों में हार के साथ ही सीरीज गंवा चुकी थी लेकिन आखिरी मैच में जीत हासिल करके वो अपनी साख बचाने में और सीरीज में अपना सूपड़ा साफ होने से बच गई। शनाका को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर