SL vs AUS: पहले टेस्ट के दूसरे दिन ड्राइविंग सीट पर ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे ही दिन 100 रन से ज्यादा की बढ़त के साथ अपनी पकड़ मैच में मजबूत कर ली है।

Pat-Cummins-and-Nathan-Lyon
पैट कमिंस और नाथन लॉयन  |  तस्वीर साभार: AP

गॉल: मेहमान ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट के दूसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में श्रीलंका को 212 रन पर ढेर करने के बाद दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 313 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 101 रन की बढ़त हासिल कर ली है। कप्तान पैट कमिंस 26 और नाथन लॉयन 8 रन बनाकर नाबाद हैं।

दूसरे दिन 98 रन पर 3 विकेट से आगे खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को चौथा झटका जल्दी ही लग गया। ट्रेविस हेड 6 रन बनाकर धनंजय डिसिल्वा की गेंद पर उनके ही हाथों लपके गए। ऐसे में बल्लेबाजी करने आए कैमरून ग्रीन ने उस्मान ख्वाजा का साथ दिया। ख्वाजा ने 101 गेंद पर 5 चौकों के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद ग्रीन के साथ पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की लेकिन 157 के स्कोर पर वो 71 रन बनाकर वांडरसे की गेंद पर लपके गए। 157 के स्कोर पर 5 विकेट गंवाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम मुश्किल में नजर आने लगी थी। 

कैरी-ग्रीन ने पहुंचाया 250 रन के पार
ऐसे में ग्रीन ने एलेक्स कैरी के साथ मोर्चा संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान ग्रीन ने अपना अर्धशतक 80 गेंद में 3 चौकों की मदद से पूरा किया। चायकाल के बाद एलेक्स केरी 45 रन बनाकर रमेश मेंडिस की गेंद पर लपके गए। इसके बाद ग्रीन भी 77 रन बनाकर मेंडिस का चौथा शिकार बने। 278 के स्कोर पर ग्रीन के बाद मिचेल स्टार्क(10) रन बनाकर वांडरसे की गेंद पर उनके ही हाथों लपके।

100 रन की हुई ऑस्ट्रेलिया की बढ़त
8 विकेट गंवाने के बाद दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान पैट कमिंस(26) और नाथन लॉयन(8) ने और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और दोनों ने मिलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। अपनी पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 69 ओवर में 8 विकेट पर 313 रन बना लिए हैं और 101 रन की बढ़त हासिल कर ली है।
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर