INDvAFG: करिश्माई छक्का जड़ते ही सूर्यकुमार ने तोड़ा रोहित का रिकॉर्ड, बने नए सिक्सर किंग 

Surya Kumar Yadav, Most sixes in a Year for India in T20Is: सूर्यकुमार यादव का गुरुवार को अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर फोर के मुकाबले में पारी दो गेंद में समाप्त हो गई लेकिन इस छोटी पारी के दौरान वो रोहित शर्मा का 4 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर भारत के नए सिक्सर किंग बन गए।

Surya-kumar-Yadav
सूर्यकुमार यादव  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • सूर्यकुमार यादव ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी पारी की पहली ही गेंद पर जड़ा शानदार छक्का
  • बने एक साल में अंतरराष्ट्रीय टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी
  • सूर्या ने तोड़ा रोहित शर्मा का 4 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड

दुबई: सूर्यकुमार यादव के लिए एशिया कप 2022 खास नहीं रही। हांगकांग के खिलाफ मुकाबले के अलावा सूर्या पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान जैसी टीम के खिलाफ अपने बल्ले का जादू नहीं दिखा पाए। जिसकी उनसे आशा थी। इसी वजह से भारतीय टीम के लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम करने के अरमानों पर पानी फिर गया। स्काई की नाकामी टीम इंडिया की पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ हार की बड़ी वजह रही।

ऐसा लग रहा था कि सूर्यकुमार अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप में टीम इंडिया के आखिरी मुकाबले में अपने बल्ले का जादू दिखाने में कामयाब रहेंगे। केएल राहुल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए तीसरे पायदान पर उतरे सूर्या ने पहली ही गेंद पर ऐसा शानदार छक्का जड़ा दिया कि विराट कोहली मैदान पर खुशी से झूमते नजर आए। 

फ्लिक करके जड़ा शानदार छक्का, दूसरे छोर पर झूमे विराट
13वें ओवर की चौथी गेंद पर फरीद अहमद ने केएल राहुल को आउट किया। उसके बाद सूर्या बल्लेबाजी करने उतरे तो उन्होंने लेग स्टंप्स के बाहर की गेंद को शानदार अंदाज में फ्लिक किया जो सीधे शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर से छक्के के लिए चली गई। उनके इस शॉट की वजह से फ्रिज भी टूट गया। उनके इस शॉट को देखकर नॉन स्ट्राइक एंड पर खड़े विराट कोहली भी अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके। लेकिन अगली ही गेंद पर गेंद उनके बल्ले का किनारा लेते हुए स्टंप्स पर जा लगी और उनकी आतिशी पारी शुरू होते ही खत्म हो गई। उन्होंने 2 गेंद में 6 रन बनाए। 

एक साल में T20Is में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय
32 - सूर्यकुमार यादव (2022)*
31 - रोहित शर्मा (2018)
25 - शिखर धवन (2018)
23 - विराट कोहली (2019)
23 - रोहित शर्मा (2021)
22 - रोहित शर्मा (2019)
21 - रोहित शर्मा (2022)*

तोड़ा एक साल में सबसे ज्यादा छक्के का रोहित का रिकॉर्ड
इस छक्के की मदद से सूर्यकुमार ने रोहित शर्मा का एक साल में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड तो़ड़ दिया। रोहित ने साल 2018 में इंटरनेशनल टी20 में 31 छक्के जड़े थे। सूर्यकुमार मौजूदा साल में रोहित से एक कदम आगे निकल गए हैं और उनके नाम 32 छक्के हो गए हैं। जिस तरह के फॉर्म में सूर्यकुमार हैं उसे देखते हुए साल के अंत तक इस संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। हालांकि रोहित शर्मा इस साल भी 21 छक्के जड़कर उनके पीछे हैं। जो उन्हें एक बार फिर चुनौती देते नजर आएंगे।


 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर