SL vs IRE T20 Match Highlights: आयरलैंड को करारी मात देकर श्रीलंका ने की सुपर-12  राउंड में एंट्री,  हसरंगा-निसांका रहे जीत के हीरो 

क्रिकेट
भाषा
Updated Oct 21, 2021 | 00:11 IST

Sri Lanka vs Ireland T20 World Cup 2021 Match Highlights: श्रीलंका ने आयरलैंड को ग्रुप ए के अहम मुकाबले में करारी मात देकर सुपर-12 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Sri-Lanka-Cricket-team
श्रीलंका क्रिकेट टीम ( साभार T20 WORLD CUP)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • महज 8 रन पर श्रीलंका ने गंवा दिए थे 3 विकेट उसके बाद की शानदार वापसी
  • आयरलैंड को मिला था जीत के लिए 172 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य
  • 70 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करके श्रीलंका ने की सुपर-12 राउंड में अपनी जगह पक्की

Sri Lanka vs Ireland T20 World Cup 2021 Match Highlights:श्रीलंका ने वनिंदु हसरंगा (71) और पथुम निसांका (61) के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टी20 विश्व कप के पहले दौर के ग्रुप ए मैच में आयरलैंड को 70 रन से हराकर दूसरी जीत दर्ज की और सुपर-12 दौर के लिये क्वालीफाई कर लिया। 

हसरंगा और निसांका ने टीम को मुश्किल से उबारा
श्रीलंका ने खराब शुरूआत से उबरते हुए वनिंदु हसरंगा और निसांका के बीच चौथे विकेट के लिये 123 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 171 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। 8 रन के स्कोर पर श्रीलंका ने 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसी में दोनों ने टीम को संभाला। इन दोनों के अलावा कप्तान दसुन शनाका ने 11 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 21 रन का योगदान दिया।

101 रन पर समेट दी आयरलैंड की पारी 
इसके बाद अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से जीत के लिए 172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे आयरलैंड को 18.3 ओवर में 101 रन पर समेट दिया जिसने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाये। आयरलैंड के लिये कप्तान एंडी बलबिर्नी (41) और कर्टिस कैम्फर (24) ही कुछ देर टिककर खेल पाये। उसके लिये साझेदारी के नाम पर इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिये बनाये गये 53 रन शामिल रहे। कैम्फर के 13वें ओवर में आउट होने के बाद लगातार विकेट गिरते रहे। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई के स्कोर तक नहीं पहुंच सका। आयरलैंड ने अंतिम छह विकेट 5.5 ओवर में 16 रन के अंदर गंवा दिये।

श्रीलंका के लिये महीश थीक्षणा ने 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किये। चामिका करूणारत्ने और लाहिरू कुमारा ने दो-दो विकेट चटकाये। दुष्मंता चामिरा और वनिंदु हसारंगा को एक-एक विकेट मिला।

सुपर-12 के लिए आयरलैंड को देनी होगी नामीबिया को पटखनी 
आयरलैंड को अगर सुपर 12 में अपना स्थान पक्का करना है तो उसे नामीबिया के खिलाफ अपने तीसरे मुकाबले में जीत दर्ज करनी होगी। इससे पहले वनिंदु हसरंगा ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 47 गेंद का सामना किया जिसमें 10 चौके और एक छक्का जड़ा था। सलामी बल्लेबाज निसांका 19वें ओवर में आउट हुए, उन्होंने 47 गेंद में छह चौके और एक छक्का लगाया।उन्होंने 47 गेंद में 61 रन की पारी खेली। आयरलैंड के जोश लिटिल सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर चार विकेट झटके जबकि मार्क एडेर को दो और पॉल स्टरलिंग एक विकेट मिला।

जोश लिटिल ने परपाया गेंदबाजी से कहर 
श्रीलंका की शुरूआत अच्छी नहीं हुई, उसने आठ रन पर तीन विकेट गंवा दिये थे। पॉल स्टरलिंग ने पारी की दूसरी ही गेंद में कुसल परेरा को आउट कर दिया जो खाता भी नहीं खोल सके थे। दूसरे ओवर में जोश लिटिल ने उसे दोहरे झटके दिये। तीसरी गेंद पर दिनेश चांदीमल (06) को बोल्ड करने के बाद उन्होंने अगली गेंद पर अविष्का फर्नांडो को बोल्ड किया। पर इसके बाद निसांका और वानिंदु हसारंगा ने जिम्मेदारी से खेलते हुए चौथे विकेटे के लिये 82 गेंद में 123 रन की शानदार भागीदारी निभायी और अपनी टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।

इस शतकीय भागीदारी का अंत 16वें ओवर में मार्क एडेयर ने वानिंदु हसारंगा को आउट कर किया जिनकी धीमी गेंद बैकवर्ड प्वाइंट पर क्रेग यंग ने उनका कैच लपका। फिर लिटिल ने अपने दूसरे स्पैल में भानुका राजपक्षे (01) के बाद निसांका का विकेट झटका। एडेर ने अपना दूसरा विकेट अंतिम ओवर में चामिका करुणारत्ने के रूप में लिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर