धोनी के संन्यास के तरीके से दुखी हैं शोएब अख्तर, कहा-उनके बगैर पूरी नहीं होगी क्रिकेट की कहानी 

Shoaib Akhtar on MS Dhoni's Retirement: शोएब अख्तर ने धोनी के संन्यास के तरीके पर दुख जताते हुए कहा है कि उनके बगैर क्रिकेट की कहानी पूरी नहीं होगी।

MS Dhoni
एमएस धोनी  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज रहे शोएब अख्तर ने एमएस धोनी के संन्यास पर दुख जताते हुए कहा है कि दिग्गज खिलाड़ी की इस तरह विदाई नहीं होनी चाहिए थी। धोनी और शोएब की करियर में कई बार भिड़ंत हुई थी। ऐसे में शोएब ने धोनी को दिलेर क्रिकेटर के रूप में याद किया है। शोएब अख्तर ने ट्वीट कर कहा, महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। क्रिकेट की कहानी धोनी के बगैर पूरी नहीं होगी। एक महान खिलाड़ी। 

वहीं एक समाचार चैनल से बात करते हुए शोएब ने कहा, वो धोनी के संन्यास लेने के अंदाज से उन्हें दुख पहुंचा है। धोनी एक जमाने का नाम है एक युग का नाम है। मैंने नहीं सोचा था कि धोनी जैसे क्रिकेटर की विदाई ऐसे होगी। उनकी विदाई और किसी तरह से होनी चाहिए थी। शोएब ने हालांकि आगे कहा कि सबको ये बात मालूम थी कि वो ऑफबीट तरह से संन्यास का ऐलान करेगा। 

धोनी के साथ मैदान पर हुई भिड़ंत को याद करते हुए शोएब अख्तर ने विशाखापट्टनम की पारी को याद करते हुए कहा कि उस मैच में धोनी ने मेरी जमकर धुनाई की थी। वो एक दिलेर क्रिकेटर थे मैदान में किसी भी खिलाड़ी के खिलाफ वो डरते नहीं थे और डटकर उसका सामना करते थे। मैंने कभी उसे डरते नहीं देखा किसी भी गेंदबाज के खिलाफ पीछे हटते नहीं देखा। उसे कोई फर्क नहीं पड़ता था कि कौन गेंदबाजी कर रहा है और क्यों कर रहा है। 

क्या धोनी एक साल संन्यास के फैसले को टाल सकते थे इस सवाल के जवाब में शोएब ने कहा कि वो कुछ भी कर सकते थे अपने अलग फैसलों के लिए वो जाने जाते थे। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर