न्यूजीलैंड के खिलाफ वानखेड़े में विराट कोहली का इंतजार कर रहे हैं ये तीन रिकॉर्ड

भारत और न्यूजीलैंड के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले टेस्ट मैच में विराट कोहली अगर शतक जड़ने में कामयाब होते हैं तो उनके रिकी पॉन्टिंग के ये तीन बड़े रिकॉर्ड हो जाएंगे। 

Virat-Kohli
विराट कोहली  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • साल 2016 में विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में जड़ा था दोहरा शतक
  • दो साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट नहीं जड़ पाए हैं कोई शतक
  • शुक्रवार को कीवी टीम के खिलाफ उनके पास है शतक जड़ने का शानदार मौका, इसके साथ ही अपने नाम कर लेंगे कई रिकॉर्ड

मुंबई: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच के टी20 सीरीज और पहले टेस्ट मैच में आराम के बाद विराट कोहली की टीम इंडिया में वापसी हो चुकी है। वो शुक्रवार से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 

वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया ने आखिरी बार टेस्ट मैच पांच साल पहले साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। उस मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को विराट कोहली की कप्तानी पारी की बदौलत पारी और 36 रन के अंतर से जीत हासिल की थी। विराट कोहली ने उस मैच में शानदार दोहरा शतक जड़ा था। उन्होंने 340 गेंद में 235 रन की पारी खेली थी और इस दौरान 25 चौके और 1 छक्का जड़ा था। 

दो साल से विराट ने नहीं जड़ा है अंतरराष्ट्रीय शतक
विराट कोहली ने आखिरी बार अंतरराष्ट्रीय शतक नवंबर 2019 में जड़ा था। दो साल से वो अंतरराष्ट्री क्रिकेट में किसी भी फॉर्मेट में कोई शतक नहीं जड़ सके हैं। विराट के लिए मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम भाग्यशाली रहा है। ऐसे में वो इसी मैदान पर शतकीय राह पर वापस लौट सकते हैं। 

सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज
विराट कोहली अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट में शतक जड़ने में सफल होते हैं तो वो रिकी पॉन्टिंग के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साझा रूप से सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे पायदान पर आ जाएंगे। विराट कोहली के नाम 445 अंतरराष्ट्रीय मैच में 70 शतक दर्ज हैं। वहीं पॉन्टिंग ने 560 मैच में 71 शतक अपने जड़े थे। ऐसे में विराट अगर मुंबई में तीन अंक के आंकड़े को छूने में कामयाब होते हैं तो उनके लिए ये शतक व्यक्तिगत उपलब्धियों भरा होगा। 

बन सकते हैं सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले कप्तान
विराट अगर मुंबई में शतक पूरा करने में कामयाब होते हैं तो वो बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी और बतौर कप्तान घरेलू सरजमीं पर पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल ये सभी रिकॉर्ड रिकी पॉन्टिंग के नाम दर्ज हैं। विराट के प्रशंसक इन रिकॉर्ड्स के विराट के नाम होने की बाट पिछले दो साल से जोह रहे हैं लेकिन विराट हैं कि तीन अंक के आंकड़े तक पहुंचने में लगातार नाकाम हो रहे हैं। 
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर