क्या सबसे उम्रदराज भारतीय टेस्ट कप्तान बनेंगे रोहित शर्मा? 

Who is Oldest Indian test Captain: रोहित शर्मा 34 साल 308 दिन की उम्र में भारतीय टेस्ट टीम की पहली बार कमान संभालने जा रहे हैं। जानिए कौन हैं भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट कप्तान?

Rohit-Sharma-test-Captain
भारत के नए टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा 
मुख्य बातें
  • रोहित शर्मा को हाल ही में नियुक्त किया गया है भारत का नया टेस्ट कप्तान
  • मोहाली में पहली बार सफेद जर्सी पहनकर हिटमैन संभालेंगे भारतीय टेस्ट टीम की कमान
  • रोहित टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने वाले होंगे 35वें भारतीय खिलाड़ी

मोहाली: भारतीय क्रिकेट टीम के नए टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा शुक्रवार को मोहाली के मैदान पर कमान संभालने जा रहे हैं। 34 साल 308 दिन की उम्र में रोहित के हाथों में भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी आई है। वो भारत के 35वें टेस्ट कप्तान होंगे। साल 1932 में कर्नल सीके नायडू भारत के पहले टेस्ट कप्तान बने थे। उनके बाद से अबतक 90 साल में कुल 34 खिलाड़ी कम से कम एक टेस्ट में टेस्ट टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। 

रोहित के कप्तान बनने की सबसे रोचक बात यह है कि उम्र के जिस पड़ाव पर वो टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने जा रहे हैं। उम्र के उस पड़ाव पर पहुंचने से पहले एमएस धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। वहीं विराट कोहली 7 साल कप्तानी करने के बाद पद से इस्तीफा दे चुके हैं।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या रोहित शर्मा भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट कप्तान हैं? तो इसका जवाब ना है। रोहित से पहले ज्यादा उम्र में भारत के 6 खिलाड़ी टेस्ट टीम की कप्तानी कर चुके हैं। 

वीनू मांकड:
भारत के लिए सबसे अधिक उम्र में कप्तानी करने का रिकॉर्ड वीनू मांकड के नाम दर्ज है। वीनू मांकड़ ने 41 साल 289 दिन की उम्र में टेस्ट टीम की कमान साल 1959 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई में संभाली थी। मांकड की कप्तानी में भारत ने 6 टेस्ट खेले जिसमें से 1 में भारत को हार मिली जबकि 5 मुकाबले ड्रॉ रहे। 

लाला अमरनाथ:
मांकड़ के बाद भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट कप्तान की सूची में दूसरा नाम आजाद भारत के पहले कप्तान लाला अमरनाथ का है। लाला अमरनाथ ने 41 साल 95 दिन की उम्र में वर्ष 1952 में पाकिस्तान के खिलाफ कोलकाता में भारतीय टीम की कमान संभाली थी। लाला अमरनाथ की कप्तानी में भारत ने 15 टेस्ट खेले जिसमें से 2 में टीम को जीत मिली और 6 में हार का सामना करना पड़ा। 7 मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। 

हेमू अधिकारी: 
सबसे अधिक उम्र वाले भारतीय टेस्ट कप्तान की सूची में तीसरा नाम हेमू अधिकारी का है। हेमू 39 साल 195 दिन की उम्र में भारत के कप्तान बने थे। उन्होंने दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्ष 1959 में टीम का नेतृत्व किया था। हेमू अधिकारी ने केवल एक मैच में भारत की कप्तानी की और ये मुकाबला ड्रॉ रहा था। 

कर्नल सीके नायडू:
इस सूची में चौथे पायदान पर भारत के पहले टेस्ट कप्तान कर्नल सीके नायडू हैं। नायडू को जब भारतीय टीम का पहला कप्तान चुना गया था चब उनकी उम्र 38 साल 105 दिन थी। नायडू की कप्तानी में भारतीय टीम ने कुल 4 टेस्ट खेले जिसमें से 3 में हार का सामना करना पड़ा। वहीं 1 मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

विजय हजारे:
भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास में पाचवें सबसे उम्रदराज कप्तान के रूप में विजय हजारे का नाम रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज है। विजय हजारे ने1953 में 38 साल 24 दिन की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन टेस्ट में पहली बार टीम की कप्तानी संभाली थी। विजय हजारे ने 14 टेस्ट में कप्तानी की जिसमें से 1 में जीत और 5 में भारत को हार का सामना करना पड़ा। जबकि 8 मुकाबले ड्रॉ रहे।

अनिल कुंबले:
टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज रहे अनिल कुंबले को करियर के आखिरी पड़ाव में कप्तानी मिली थी। साल 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली में उन्होंने भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभाली थी। कुंबले की कप्तानी में भारतीय टीम ने 14 टेस्ट खेले जिसमें से 3 में टीम को जीत और 5 में हार मिली, वहीं 6 मुकाबले ड्रॉ रहे थे। 
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर