#ThankYouMSDhoni: बीसीसीआई ने बदला ट्विटर कवर फोटो, एमएस धोनी का खास अंदाज में अदा किया शुक्रिया

BCCI pays tribute to MS Dhoni: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपनी ट्विटर कवर फोटो बदल दिया है। बीसीसीआई ने एमएस धोनी का खास अंदाज में शुक्रिया अदा किया है।

Ms Dhoni
महेंद्र सिंह धोनी (फाइल फोटो) 

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी दुनिया के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक हैं। उनके बेशुमार फैंस हैं। धोनी ने इस साल 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने साल 2019 में विश्व कप के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूरी बना रखी थी। वह इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में  खेल रहे हैं। आईपीएल के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रवाना होगी, जहां उसे वनडे-टी20 और टेस्ट सीरीज खेलनी है। धोनी के संन्यास के बाद यह भारत की पहली सीरीज है।  

धोनी को खास अंदाज में दिया सम्मान

सुनील जोशी की अध्‍यक्षता वाली चयन समिति ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए 32 सदस्यी भारतीय स्‍क्‍वाड की घोषणा की है। टीम के ऐलान के बाद बीसीसीआई ने खास अंदाज में धोनी के प्रति सम्मान का इजहार किया है। भारतीय क्रिकेट के साथ नए युग की शुरुआत करने से पहले बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट का कवर फोटो बदल दिया है और धोनी की तस्वीर लगाई है। फोटो में धोनी हाथ में बल्ला थामे मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही फोटो पर थैंक्यू एमएस धोनी भी लिखा है। बीसीसीआई का धोनी को सलाम करने का यह तरीका सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

ये कारनामा करने वाले इकलौते कप्तान

धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम का काफी दबदबा रहा है। वह सभी आईसीसी टूर्नामेंट जीतने वाले इकलौते विश्व के इकलौते कप्तान हैं। उनकी अगुवाई में भारत ने 50 ओवरों का विश्व कप, टी20 विश्व कप और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की है। इसके अलावा धोनी सबसे सफल भारतीय कप्तान भी हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 107 वनडे और 27 टेस्ट मैच जीते हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर सौरव गांगुली हैं, जिनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 76 वनडे मैच और 21 टेस्ट मैच पर कब्जा जमाया। धोनी ने 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने भारत के लिए 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर