MI vs DC: दिल्‍ली के खिलाड़‍ियों ने बांधी थी काली पट्टी, एक खिलाड़ी के सिर के ऊपर से उठा पिता का साया

MI vs DC: दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने एक खास मकसद से मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2020 के पहले क्‍वालीफायर में काली पट्टी बांधी थी। जानिए दिल्‍ली कैपिटल्‍स के किस खिलाड़ी पर दुखों का पहाड़ टूटा।

delhi capitals
दिल्‍ली कैपिटल्‍स 
मुख्य बातें
  • दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाड़‍ियों ने मुंबई के खिलाफ काली पट्टी बांधी
  • दिल्‍ली कैपिटल्‍स को मुंबई के हाथों पहले क्‍वालीफायर में शिकस्‍त झेलनी पड़ी
  • दिल्‍ली कैपिटल्‍स को फाइनल में पहुंचने के लिए दूसरा क्‍वालीफायर जीतना होगा

दुबई: दिल्‍ली कैपिटल्‍स और मुंबई इंडियंस के बीच गुरुवार को आईपीएल 2020 का पहला क्‍वालीफायर मुकाबला खेला गया। दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाड़ी इस मुकाबले में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे। तभी से फैंस के मन में सवाल उठने लगा कि अचानक ऐसा क्‍या हो गया कि पूरी टीम काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरी। इसके बाद कमेंटेटर ने जानकारी दी कि आखिर क्‍यों दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाड़‍ियों ने काली पट्टी पहनकर उतरने का फैसला किया। उसके एक खिलाड़ी के सिर पर से पिता का साया उठ गया।

बता दें कि दिल्‍ली कैपिटल्‍स के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा के पिता महिपाल शर्मा का निधन हो गया था। दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने उन्‍हें श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधी थी। बता दें कि मौजूदा आईपीएल में मोहित शर्मा ऐसे तीसरे खिलाड़ी हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूटा है। इससे पहले किंग्‍स इलेवन पंजाब के मनदीप सिंह के पिता का भी निधन हुआ था जबकि कोलकाता नाइटराइडर्स के नितिश राणा के ससुर का देहांत हुआ था। मोहित शर्मा को इस मुश्किल घड़ी में दिल्‍ली कैपिटल्‍स की टीम का पूरा साथ मिला, जिन्‍होंने काली पट्टी बांधकर मैदान संभाला।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स की नैया डूबी

बहरहाल, मैच में दिल्‍ली कैपिटल्‍स का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। दिल्‍ली कैपिटल्‍स के कप्‍तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले फील्डिंग का फैसला किया। मुंबई बड़ी मैचों की माहिर मानी जाती है और गुरुवार को दुबई अंतरराष्‍ट्रीय स्‍टेडियम में उसने एक बार फिर इसे बखूबी साबित किया। सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की उम्‍दा पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन का विशाल स्‍कोर बनाया। जवाब में दिल्‍ली कैपिटल्‍स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स की शुरूआत शर्मनाक रही। उसका खाता भी नहीं खुला था कि शीर्ष तीन बल्‍लेबाज पृथ्‍वी शॉ, अजिंक्‍य रहाणे और शिखर धवन डगआउट लौट गए थे। मार्कस स्‍टोइनिस (65) और अक्षर पटेल (42) ने दिल्‍ली को शर्मनाक हार से बचाया। अब दिल्‍ली कैपिटल्‍स को अगर फाइनल में पहुंचना है, तो उसे आज एलिमिनेटर में जीतने वाली टीम से दूसरे क्‍वालीफायर में भिड़ना होगा। मुंबई ने फाइनल में अपना स्‍थान पक्‍का कर लिया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर