आरसीबी की कमान संभालते ही फॉफ डुप्लेसी ने मचाया धमाल, तोड़ा कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड

फॉफ डुप्लेसी ने रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी के लिए कप्तानी डेब्यू में बल्ले से धमाल मचाकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके अलावा आईपीएल में विदेशी खिलाड़ियों के एक स्पेशल क्लब में भी एंट्री कर ली।

Faf-Du-plessis-Fifty
अर्धशतक पूरा करने के बाद आरसीबी के कप्तान फॉफ डुप्लेसी( साभार IPL) 

मुंबई: आईपीएल 2022 में रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलोर की कमान संभालते ही फॉफ डुप्लेसी ने धमाल मचा दिया। उन्होंने रविवार को नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में टीम के लिए पारी की शुरुआत की और बल्ले से रनों की झड़ी लगा दी। डुप्लेसी ने 41 गेंद में अपना 23वां अर्धशतक पूरा किया और अंत में 88 रन बनाकर आउट हुए। 

कप्तानी डेब्यू में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी
डुप्लेसी बतौर कप्तान आईपीएल में पहली बार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंद में 88 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के भी जड़े। इसके साथ ही वो बतौर कप्तान डेब्यू करते हुए आईपीएल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इस मामले में कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ा। पोलार्ड ने मुंबई इंडियन्स की पहली बार कमान संभालते हुए 83 रन की पारी खेली थी। 

कप्तानी डेब्यू में शतक से चूके 
डुप्लेसी रविवार को शतक पूरा करने से 12 रन के अंतर से चूक गए। अगर वो ऐसा कर लेते तो आईपीएल में बतौर कप्तान डेब्यू में शतक जड़ने वाले पहले विदेश और संजू सैमसन के बाद दूसरे खिलाड़ी बन जाते। संजू सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स के लिए अपने कप्तानी डेब्यू में 119 रन की पारी खेली थी। वहीं मयंक अग्रवाल पंजाब किंग्स की पहली बार कप्तानी करते हुए शतक जड़ने से 1 रन के अंतर से चूक गए थे। वो 99 रन की पारी खेलकर आउट हुए थे। वहीं श्रेयस अय्यर ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपने कप्तानी डेब्यू में 93 रन की पारी खेली थी। इस सूची में डुप्लेसी चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। 

आईपीएल में पूरे किए तीन हजार रन
अपनी 88 रन की आतिशी पारी के दौरान फॉफ डुप्लेसी ने आईपीएल में अपने 3 हजार रन भी पूरे कर लिए। वो आईपीएल में इस मुकाम पर पहुंचने वाले छठे विदेशी और दूसरे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी हैं। डुप्लेसी ने ये उपलब्धि आईपीएल में 101 वां मैच खेलते हुए हासिल की। उनसे पहले डेविड वॉर्नर(5,449), एबी डिविलियर्स(5,162), क्रिस गेल(4,965), शेन वॉटसन(3,874), कीरोन पोलार्ड( 3,271) ये उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। 

ऐसा है डुप्लेसी का आईपीएल में रिकॉर्ड
फॉफ डुप्लेसी ने आईपीएल में अबतक खेले 101 मैच की 94 पारियों में 9 बार नाबाद रहते हुए 35.56 के औसत और 131.66 के स्ट्राइक रेट से 3023 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 23 अर्धशतक जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 96 रन रहा है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर