MI vsKXIP: आईपीएल इतिहास के पहले 'डबल सुपर ओवर' का ऐसा रहा रोमांच, सब हदें पार कर पंजाब ने ऐसे जीती बाजी

IPL 2020 Double Super Over: रविवार 18 अक्टूबर को मुंबई इंडियन्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेल गए इतिहास के पहले डबल सुपर ओवर मुकाबले का ऐसा रहा पल पल का रोमांच।

Mayank Gayle
मयंक अग्रवाल और किस गेल( साभार IPL/BCCI) 
मुख्य बातें
  • आईपीएल इतिहास में पहली बार डबल सुपर ओवर तक गया कोई मुकाबला
  • पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने पंजाब को दिया था 177 रन का लक्ष्य
  • दोनों टीमों के बीच 20-20 ओवर बाद मुकाबला रहा टाई, पहले सुपर ओवर में भी नहीं हो सका हार जीत का फैसला

दुबई: आईपीएल 2020 में वो सब कुछ देखने को मिल रहा है जो इससे पहले इतिहास में कभी नहीं हुआ। रविवार को खेले गए दोनों मुकाबले 20-20 ओवर के खेल के बाद टाई रहे। ऐसे में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले का फैसला सुपर ओवर में हो गया। लेकिन मुंबई इंडियन्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया मुकाबला सुपर ओवर में भी टाई हो गया। इसके बाद आईपीएल इतिहास में पहली बार किसी मैच में दूसरा सुपर ओवर खेला गया। इस मैच में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। ऐसे रहा मैच की पहले और दूसरे सुपर ओवर का हाल। 

मुंबई इंडियन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डिकॉक के शानदार अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में केएल राहुल की कप्तानी पारी के बावजूद पंजाब की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन बना सकी और मुकाबला टाई हो गया। आखिरी ओवर में जीत के लिए पंजाब को 13 रन बनाने थे लेकिन ट्रेंट बोल्ट की गेंदबाजी से क्रिस जॉर्डन और दीपक हुड्डा पार नहीं पा सके। 

पहला सुपर ओवर 

किंग्स इलेवन पंजाब की पारी 
पहले सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने  उतरी पंजाब के लिए केएल राहुल और निकोलस पूरन की जोड़ी उतरी। ऐसे में रोहित शर्मा ने गेंद अपने सबसे भरोसेमंद गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के हाथों में सौंप दी।

पहली गेंद:  केएल राहुल के सामने बुमराह ने पहली गेंद यॉर्कर डालने का प्रयास किया। लेकिन वो चूक गए और लो फुल टॉस को एक्सट्रा कवर की दिशा में खेलकर राहुल ने एक रन ले लिया। स्कोर 1 गेंद 1/0 रन। 

दूसरी गेंद: निकोलस पूरन के सामने यॉर्कर डालने का प्रयास किया। ऐसे में फुलटॉस गेंद को मिड विकेट की दिशा में खेलने का प्रयास किया लेकिन वो चूक गेंज बल्ले का किनारा लेकर ऊपर ऊठ गई और अनुकूल रॉय ने उलटी दिशा में दौड़ते हुए पूरन का शानदार कैच लपक लिया। स्कोर 2 गेंद 1/1 रन। 

तीसरी गेंद पर स्ट्राइक पर राहुल थे। दूसरे छोर पर उनका साथ देने दीपक हुड्डा आए। बुमराह ने एक बार फिर यॉर्कर डालने की कोशिश की इस बार फिर फुलटॉस को राहुल ने डीप बैकवर्ड स्कवैर लेग की दिशा में खेल दिया और एक रन ले लिया। स्कोर 3 गेंद 2/1 रन। 

चौथी गेंद पर स्ट्राइक पर दीपक हुड्डा, बुमराह ने इस बार यॉर्कर की कोशिश में डाली फुल टॉस तो लॉन्ग लेग की दिशा में खेल दिया। दो रन भागे जा सकते थे लेकिन केएल राहुल ने मना कर दिया। स्कोर 4 गेंद 3/1 रन। 

पांचवीं गेंद पर स्ट्राइक पर केएल राहुल थे। बुमराह की सटीक यॉर्कर लेग स्टंप पर के सामने गिरी और गेंद राहुल के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए लॉन्ग लेग की दिशा में चली गई। ऐसे में राहुल और हुड्डा ने 2 रन भाग लिए। स्कोर 5 गेंद 5/1 रन।

छठी गेंद, स्ट्राइक पर राहुल, बुमराह की सटीक यॉर्कर पर रिवर्स स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले पर नहीं लगी और वो विकेट के सामने पाए गए। अंपायर ने राहुल को एलबीडब्लू करार दिया। स्कोर 6 गेंद 5/2 रन। 

मुंबई इंडियन्स की पारी

जीत के लिए 6 गेंद में 6 रन के लक्ष्य का पीछा करने मुंबई इंडियन्स के लिए क्विंटन डिकॉक और रोहित शर्मी की जोड़ी उतरी। ऐसे में केएल राहुल ने गेंद मोहम्मद शमी के हाथों में थमा दी। 

पहली गेंद (जीत के लिए 6 गेंद में 6 रन) : मोहम्मद शमी के सामने क्विंटन डिकॉक थे। शमी ने पहली गेंद व्हाइड यॉर्कर डाली। गेंद बल्ले के अंदरूनी किनारे पर लगी लेकिन वो इसके बाद पैड पर लगी इतने में डिकॉक ने भागकर एक रन पूरा कर लिया। 

दूसरी गेंद( जीत के लिए 5 गेंद में 5 रन), स्ट्राइक पर रोहित शर्मा, शमी फुल लेंथ की गेंद डाली जो यार्कर लेंथ से थोड़ी पहले गिरी। शर्मा के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेती हुई डीप कवर की दिशा में चली गई। इतने में रोहित ने भागकर एक ले लिया। 

तीसरी गेंद(जीत के लिए 4 गेंद में 4 रन), स्ट्राइक पर क्विंटन डिकॉक, इस बार शमी ने व्हाइड लेथ पर यॉर्कर डालने का प्रयास किया। जिसे उन्होंने डीप कवर की दिशा में एक रन के लिए भेज दिया। 

चौथी गेंद( जीत के लिए 3 गेंद में 3 रन), स्ट्राइक पर रोहित शर्मा, ऐसे में शमी ने शनदार परफेक्ट यॉर्कर डाली जिसपर रोहित ने अपने बल्ले का फेस खोला लेकिन कोई रन नहीं ले सके। 

पांचवीं गेंद( जीत के लिए 2 गेंद में 3 रन) स्ट्राइक पर रोहित शर्मा, शमी ने इस बार फिर शानदार यॉर्कर डाली जो बल्ले का किनारा लेकर रोहित के पैड पर लगी। ऐसे में रोहित और डिकॉक ने भागकर जोखिम भरा एक रन ले लिया। राहुल ने इसपर एलबीडब्ल्यू के लिए रिव्यू लिया था जिसे तीसरे अंपायर ने नकार दिया। 

छठी गेंद( जीत के लिए 1 गेंद 2 रन) स्ट्राइक पर क्विंटन डिकॉक, ऐसे में शमी ने व्हाइड यॉर्कर डाली जिसे उन्होंने एक्स्ट्राकवर की दिशा में भेज दिया और दो रन पूरे करने की कोशिश की लेकिन डीप कवर की दिशा से आए शानदार थ्रो पर केएल राहुल ने बेहतरीन ढंग से डिकॉक को रन आउट कर दिया और मैच डबल सुपर ओवर में चला गया। तीसरे अंपायर ने यह फैसला दिया। मुंबई की टीम भी 6 गेंद में पांच रन बना सकी। 


दूसरा सुपर ओवर
आईपीएल इतिहास में पहली बार सुपर ओवर मुकाबला टाई हुआ ऐसे में पहली बार नतीजे के लिए दूसरे सुपर ओवर की तरफ रुख करना पड़ा। ऐसे में दूसरे सुपर ओवर के नियमों के मुताबिक पहले सुपर ओवर में शामिल रहे खिलाड़ी इसमें भाग नहीं ले सकते। इस बार पहले सुपर ओवर में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला। जो कि मुंबई थी। 

मुंबई इंडियन्स की पारी 
रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक के बगैर मुंबई की पारी की शुरुआत करने हार्दिक पांड्या और किरोन पोलार्ड की जोड़ी उतरी ऐसे में किंग्स इलेवन पंजाब ने गेंद क्रिस जॉर्डन के हाथों में थमा दी। 

पहली गेंद: स्ट्राइक पर किरोन पोलार्ड थे, ऐसे में जॉर्डन ने सटीक यॉर्कर डाली जिसे पोलार्ड ने लॉन्ग ऑन की दिशा में खेलकर एक रन ले लिया। 1 गेंद स्कोर 1/0 रन।

दूसरी गेंद: स्ट्राइक पर पांड्या, इस बार जॉर्डन लाइन भटक गए और गेंद व्हाइड हो गई। स्कोर 1 गेंद 2/0 रन। 

दूसरी गेंद: स्ट्राइक पर पांड्या, एक बार फिर जॉर्डन ने शानदार यॉर्कर डाली। जिसे पांड्या ने मिड विकेट की दिशा में एक रन के लिए खेल दिया। स्कोर 2 गेंद 3/0 रन।

तीसरी गेंद: स्ट्राइक पर पोलार्ड, इस बार यॉर्कर सटीक निशाने पर नहीं पड़ी और पोलार्ड ने जॉर्डन की इस गेंद को कवर की दिशा में चौके के लिए भेज दिया। स्कोर 3 गेंद 7/0 रन।

चौथी गेंद: स्ट्राइक पर एक बार फिर पोलार्ड, इस बार जॉर्डन ने लेग स्टंप यॉर्कर डालने की कोशिश की लेकिन चूक गए और अपंयार ने इसे व्हाइड करार दिया। स्कोर 3 गेंद, 8/0 रन।

चौथी गेंद: स्ट्राइक पर पोलार्ड, इस बार यॉर्कर को पोलार्ड ने डीप मिड विकेट की दिशा में खेला ऐसे में हार्दिक पांड्या डेंजर एंड अर्शदीप सिंह के थ्रो पर रन आउट हो गए। स्कोर 4 गेंद, 9/1 रन।

पांचवीं गेंद: स्ट्राइक पर पोलार्ड, गेंद पोलार्ड के बल्ले के किनारे से निकलकर सीधे विकेटकीपर के दस्तानों में पहुंची। अंपायर ने उन्हें कैच करार दिया। ऐसे में पोलार्ड ने रिव्यू लिया और चीसरे अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया। स्कोर 5 गेंद 9/1 रन।

छठी गेंद: स्ट्राइक पर पोलार्ड, इस बार जॉर्डन ने लो फुल टॉस फेंकी जिसे मिड विकेट बाउंड्री पर मयंक अग्रवाल ने शानदार अंदाज में छक्का जाने से रोक दिया और इस गेंद पर मुंबई केवल 2 रन हासिल कर सकी। स्कोर 6 गेंद 11/1 रन रहा और जीत के लिए पंजाब को 12 रन का लक्ष्य मिला। 

किंग्स इलेवन पंजाब की पारी

जीत के लिए 12 रन के लक्ष्य का पीछा करने की जिम्मेदारी इस बार पंजाब ने क्रिस गेल और मयंक अग्रवाल को दी। वहीं मुंबई ने गेंद ट्रेंट बोल्ट के हाथों में सौंप दी। 

पहली गेंद, पंजाब को जीत के लिए चाहिए 6 गेंद में 12 रन: स्ट्राइक पर गेल, बोल्ट पहली गेंद को यॉर्कर डालने से चूके, इस फुल टॉस गेंद को गेल ने सीधे लॉन्ग ऑन की दिशा में छक्के के लिए भेद दिया। 

दूसरी गेंद, पंजाब को जीत के लिए चाहिए 5 गेंद में 6 रन: पहली गेंद पर छक्का खाने के बाद बोल्ट ने गेल के खिलाफ स्लोअर बाउंसर का इस्तेमाल किया जिसपर वो शॉट खलने से चूके लेकिन गेंद बल्ले पर लगकर मिड विकेट की दिशा में चली गई जिसपर गेल ने भागकर एक रन पूर किया और दूसरे के लिए मयंक को मना कर दिया। 

तीसरी गेंद, जीत के लिए पंजाब को चाहिए 4 गेंद में  5 रन: स्ट्राइक पर इस बार मयंक अग्रवाल थे, बोल्ट ने उन्हें ऑफ स्टंप के बाहर व्हाइड यॉर्कर डालने का प्रयास किया जिसका पीछा करते हुए मयंक ने उसे कवर की दिशा में चार रन के लिए भेज दिया। स्कोर टाई।

चौथी गेंद, जीत के लिए पंजाब को चाहिए 3 गेंद में 1 रन: स्ट्राइक पर मयंक अग्रवाल, इस बार फुल टॉस गेंद पर मयंक नहीं चूके और उन्होंने इसे मिड विकेट की दिशा में चौके के लिए पहुंचा दिया और पंजाब की टूर्नामेंट मे तीसरी जीत दिला दी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर