14.25 करोड़: पहली बार अपनी कीमत अदा कर रहे हैं ग्लेन मैक्सवेल, लगातार पांचवीं बार गरजा बल्ला

Glenn Maxwell half century against Delhi Capitals: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मिडिल ऑर्डर के बल्‍लेबाज ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ यूएई चरण में अपना चौथा अर्धशतक लगाया।

glenn maxwell
ग्‍लेन मैक्‍सवेल 
मुख्य बातें
  • ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ अर्धशतक जमाया
  • ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने 33 गेदों में 8 चौके की मदद से नाबाद 51 रन बनाए
  • आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में मैक्‍सवेल ने चौथा अर्धशतक जमाया

दुबई: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शुक्रवार को आईपीएल 2021 के 56वें मैच में दिल्‍ली कैपिटल्‍स को आखिरी गेंद पर मात दी। केएस भरत ने आवेश खान की गेंद पर लांग ऑन के ऊपर से छक्‍का जमाकर आरसीबी की जीत पर मुहर लगाई। बेशक इस मैच के हीरो केएस भरत रहे, लेकिन ग्‍लेन मैक्‍सवेल के योगदान को फैंस भूल नहीं सकते हैं। ऑस्‍ट्रेलियाई ऑलराउंडर को आरसीबी ने आईपीएल 2021 नीलामी में 14.25 करोड़ रुपए में खरीदा था, जिसकी भरपाई मैक्‍सवेल बखूबी कर रहे हैं।

ग्‍लेन मैक्‍सवेल दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ भाग्‍यशाली भी रहे क्‍योंकि श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन ने आसान कैच टपकाकर उन्‍हें जीवनदान दिया। मैक्‍सवेल ने इसका बखूबी फायदा उठाया और अपना अर्धशतक पूरा किया। मैक्‍सवेल ने केवल 33 गेंदों में 8 चौके की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। उन्‍होंने प्‍लेयर ऑफ द मैच रहे केएस भरत (78*) के साथ 111 रन की अविजित मैच विजयी साझेदारी भी की। आईपीएल 2021 के दूसरे चरण में मैक्‍सवेल ने चौथा अर्धशतक जमाया।

आरसीबी के आने के बाद से ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने अपने खेल में गजब का सुधार दिखाया और फ्रेंचाइजी के लिए निरंतर बेहतर प्रदर्शन किया। मौजूदा आईपीएल में वैसे, मैक्‍सवेल ने अपना छठा अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल 2021 का पहला हाफ भारत में खेला गया था, जहां मैक्‍सी ने दो अर्धशतक जमाए थे। यूएई आने के बाद मैक्‍सवेल ने निरंतर बेहतर प्रदर्शन किया। वह लगातार तीन अर्धशतक लगा चुके थे और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी 40 रन बनाकर अर्धशतक की ओर अग्रसर थे।

मैक्‍सवेल का जबर्दस्‍त प्रदर्शन

हालांकि, केन विलियमसन के सटीक थ्रो पर मैक्‍सवेल रनआउट हो गए थे। मगर पिछले मैच की भरपाई मैक्‍सवेल ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के खिलाफ की और ताबड़तोड़ अर्धशतक जमाया। यह आईपीएल इतिहास में दूसरा मौका है जब ग्‍लेन मैक्‍सवेल ने 400 या ज्‍यादा रन बनाए हैं। इससे पता चलता है कि आरसीबी में आने के बाद मैक्‍सवेल को कितनी आजादी मिली है। ग्‍लेन मैक्‍सवेल को दिल्‍ली के खिलाफ बल्‍लेबाजी के लिए एबी डिविलियर्स के बाद पांचवें नंबर पर भेजा था। मैक्‍सवेल ने पहले समय लिया और फिर समय-समय पर अपने स्‍ट्रोक्‍स खेलकर आरसीबी पर गैरजरूरी दबाव नहीं बनने दिया।

यह कहना गलत नहीं होगा कि मौजूदा आईपीएल में आरसीबी की सफलता का मंत्र ग्‍लेन मैक्‍सवेल हैं। ऑस्‍ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने 14 मैचों में 45.27 की औसत और 147.33 के स्‍ट्राइक रेट से 498 रन बनाए हैं। इसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं। मैक्‍सवेल ने आईपीएल करियर में कुल 12 अर्धशतक जमाए हैं, जिसमें से आधा दर्जन अर्धशतक तो मौजूदा सीजन में ठोके हैं। इससे पता चलता है कि ग्‍लेन मैक्‍सवेल आरसीबी के कितने महत्‍वपूर्ण खिलाड़ी बनकर उभरे हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर