बिहार का 6 फीट 3 इंच कद वाला तेज गेंदबाज अब आईपीएल में बिखेरेगा जलवा, इस फ्रेंचाइजी से जुड़ा

Harsh Verma: 6 फीट 3 इंच कद के हर्ष विक्रम सिंह आगामी आईपीएल के लिए दिल्‍ली कैपिटल्‍स से जुड़े हैं। हर्ष विक्रम के पास अच्‍छी रफ्तार है, और इसके अलावा वो बड़े-बड़े छक्‍के जड़ने के लिए भी जाने जाते हैं।

harsh vikram singh
हर्ष विक्रम सिंह 
मुख्य बातें
  • बिहार के हर्ष विक्रम सिंह आईपीएल 2021 में जलवा बिखेरने को तैयार
  • 6 फीट 3 इंच के तेज गेंदबाज को दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने अपने साथ जोड़ा
  • हर्ष विक्रम सिंह ऑलराउंडर हैं, जो बड़े-बड़े शॉट लगाने के लिए जाने जाते हैं

नई दिल्‍ली: बिहार के एक तेज गेंदबाज हर्ष विक्रम सिंह इस समय सुर्खियों में बने हुए हैं। बिहार के जमुई स्थित पैतृक गांव मलयपुर में खुशी का माहौल है क्‍योंकि यहां का होनहार हर्ष विक्रम सिंह आगामी आईपीएल में अपना धमाल मचाने को तैयार है। दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने हर्ष विक्रम सिंह को अपने साथ जोड़ा है। हर्ष विक्रम अपने खतरनाक गेंदबाजी के साथ साथ बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते हैं।

दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले हर्ष विक्रम अपनी रफ्तार से दिल्ली कैपिटल्स के शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे जैसे दिग्गजों को चौका चुके हैं। हर्ष अपनी पढ़ाई के दौरान दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी के लिए क्रिकेट खेला करते थे। वो अपने शानदार प्रदर्शन के कारण यूनिवर्सिटी क्रिकेट टीम के कप्‍तान भी रह चुके हैं। 

क्रिकेटर हर्ष विक्रम सिंह आईपीएल 2020 में भी राजस्थान रॉयल्‍स का हिस्सा थे। वह बिहार के एकमात्र क्रिकेट खिलाड़ी के रूप में आईपीएल 2021 में शामिल होंगे। वैसे, पटना के ईशान किशन भी मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते दिखेंगे, लेकिन वह रणजी में झारखंड की तरफ से खेलते हैं। 2018 में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी के अपने पहले ही मैच में इस खिलाड़ी ने कमाल दिखाया था। 

नगालैंड के खिलाफ एक समय बिहार की टीम 80 रन पर 9 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। 10वें नंबर पर उतरे हर्ष ने नाबाद 48 रन बनाए थे। इस मुकाबले को बिहार ने जीता था। इस खिलाड़ी ने 2019 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के खिलाफ बिहार की तरफ से मैच खेला था।

बता दें कि हर्ष विक्रम सिंह के पिता अमरेंद्र कुमार सिंह आईपीएस अधिकारी हैं जो दिल्ली पुलिस में एडिशनल पुलिस कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। श्रेयस अय्यर के गैर मौजूदगी में इस बार दिल्ली कैपिटल्स की कप्‍तानी का जिम्मा रिषभ पंत के हाथों पर है। पंत आईपीएल के इस सीजन के सबसे युवा कप्‍तान होंगे ऐसे में यह उम्मीद है कि हर्ष विक्रम को पंत के नेतृत्व में ज्यादा मैच खेलने का मौका मिलेगा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर