क्या मुंबई के सामने चलेगी दिल्ली की दबंगई? अब तक प्लेऑफ में नहीं गली है उनकी दाल

आईपीएल 2020 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में आज दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियन्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है। जानिए कैसा है दोनों का एक दूसरे के खिलाफ रिकॉर्ड।

delhi vs mumbai
दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियन्स 

दुबई: आईपीएल 2020 में गुरुवार को पहले क्वालीफायर मुकाबले में अंक तालिका में नंबर एक और दो पर रहने वाली मुंबई इंडियन्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच भिड़ंत होने जा रही है। एक तरफ आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली मुंबई है तो दूसरी तरफ 12 साल से पहले खिताब को तरस रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम। 

पिछले सीजन टीम के नाम और मैनेजमेंट में हुए बदलाव के बाद दिल्ली की किस्मत ही बदल गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में दिल्ली लगातार दूसरी बार प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही है। लेकिन पिछली बार सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में मिली जीत उनकी प्लेऑफ/नॉकआउट दौर में मिली पहली जीत थी। इससे अलावा दिल्ली कैपिटल्स/ डेयरडेविल्स की टीम पांच बार सेमीफाइनल या क्वालीफायर मुकाबलों तक पहुंची है और उसे हार बार हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में उसके लिए डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई को पहले क्वालीफायर मुकाबले में मात देना आसाना नहीं होगा। 
प्लेऑफ में नहीं गली है दिल्ली की दाल 

वहीं मुंबई इंडियन्स की बात करें तो वो 8 बार प्लेऑफ दौर में पहुंचने में सफल हुई है। आईपीएल में पहले क्वालीफायर मुकाबले में उसकी हार जीत का रिकॉर्ड 2-2 का रहा है। लेकिन रोचक बात यह है कि 2014 से 2019 तक मुंबई ने जितनी बार प्लेऑफ मुकाबला खेल वो खिताब अपने नाम करने में सफल रही। 2015 और 2019 में पहले क्वालीफायर में जीत दर्ज करने के बाद मुंबई ने खिताब अपने नाम किया। वहीं 2013-2017 में पहले क्वालीफायर में हार का सामना करने के बावजूद वो खिताबी जीत दर्ज करने में सफल हुई। 

अबतक कैसी रही है टक्कर
दिल्ली और मुंबई के बीच के रिकॉर्ड की बात की जाए तो दोनों टीमों के बीच 13 सीजन में कुल 26 मैच खेले गए हैं जिसमें से 14 में मुंबई और 12 में दिल्ली विजयी रही है। अगर पिछले तीन मुकाबलों की बात की जाए तो तीनों में बाजी मुंबई इंडियन्स के हाथ लगी है ऐसे में मौजूदा फॉर्म को देखते हुए मुंबई का पलड़ा भारी नजर आ रहा है लेकिन दिल्ली की टीम भी आसानी से हार नहीं मानने वाली है।

दोनों का दुबई में कैसा है रिकॉर्ड 
मुंबई इंडियन्स ने दुबई में अबतक कुल 9 मैच खेले हैं जिसमें से 5 में उसे जीत और 4 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दिल्ली ने इस मैदान पर 6 मैच खेले हैं जिसमें से 1 में उसे जीत मिली है जबकि 5 में हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में इस मैदान पर मुंबई का प्रदर्शन दिल्ली की तुलना में ज्यादा बेहतर रहा है। इसलिए मुंबई की टीम दिल्ली के खिलाफ आत्मविश्वास के साथ मैदान पर दो-दो हाथ करने उतरेगी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर